भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे महिला वनडे में धमाकेदार जीत दर्ज की है. वडोदरा में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 121 रनों से हरा दिया. हरमनप्रीत कौर और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने शतकीय पारियां खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 328 रन बनाए, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 207 रनों पर सिमट गई. इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.
हरमनप्रीत का आठवां वनडे शतक
हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 121 गेंदों पर 126 रन बनाए. उनकी पारी में 15 चौके शामिल रहे. यह हरमनप्रीत का वनडे क्रिकेट में आठवां शतक है. उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में जिम्मेदारी संभाली और भारतीय पारी को मजबूती दी.
दीप्ति शर्मा ने भी जड़ा शतक
दीप्ति शर्मा ने भी बल्ले से कमाल दिखाया. उन्होंने 86 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए, जिसमें 15 चौके शामिल थे. हरमनप्रीत और दीप्ति ने पांचवें विकेट के लिए 153 रनों की अहम साझेदारी की. इस साझेदारी ने भारत को 328 रनों के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
प्रतीका रावल की शानदार पारी
ओपनर प्रतीका रावल ने भी लगातार दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया. पिछले मुकाबले में शतक जड़ने वाली प्रतीका ने इस बार 67 गेंदों पर 61 रन बनाए. उनकी पारी ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई और मध्यक्रम के बल्लेबाजों के लिए मजबूत आधार तैयार किया.
गेंदबाजों ने दिलाई बड़ी जीत
329 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने 48.5 ओवरों में 207 रनों ही बना सकी. इस तरह भारत ने मुकाबला 121 रनों से अपने नाम कर लिया.
गेंदबाजी में वैष्णवी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया. वैष्णवी ने 10 ओवरों में 39 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि दीप्ति ने 9 ओवरों में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. सयाली सतघरे, जिंतिमणि कलिता और श्री चरणी को एक-एक विकेट मिला. शेफाली वर्मा को कोई सफलता नहीं मिली.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क