वैभव खेलेंगे या फिर कटेगा पत्ता? आज न्यूजीलैंड से भिड़ंत, टीम इंडिया के सामने 5 बड़े सवाल

न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज में भारतीय टीम के सामने पांच बड़ी चुनौतियां होंगी. क्या 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में मौका मिलेगा? तेज पिचों पर बल्लेबाजी, बुमराह-हार्दिक की गैरमौजूदगी में गेंदबाजी और कप्तान श्रेयस अय्यर की रणनीति पर भी नजरें रहेंगी.

Advertisement
वैभव की बारी आएगी या नहीं? (Photo,AFP) वैभव की बारी आएगी या नहीं? (Photo,AFP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • क्राइस्टचर्च,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:00 AM IST

India vs New Zealand T20 Series: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज में टीम इंडिया गुरुवार को अपना अभियान शुरू करेगी. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम के पास अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और तिलक वर्मा जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं, लेकिन न्यूजीलैंड की तेज और सीमिंग परिस्थितियों में राह आसान नहीं होगी. 

15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में जगह मिलेगी या उन्हें बेंच पर बैठना पड़ेगा, इस पर भी निगाहें रहेंगी. वहीं, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी ने भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. ऐसे में न्यूजीलैंड में टीम इंडिया के सामने पांच बड़ी चुनौतियां होंगी.

Advertisement

1. वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा या करना होगा इंतजार?

वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहले ही क्रिकेट जगत का ध्यान खींच चुके हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने का मौका हो सकता है. हालांकि, प्लेइंग-11 में जगह बनाना आसान नहीं होगा. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे बल्लेबाजों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया है. ऐसे में टीम प्रबंधन के सामने युवा वैभव को मौका देने और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ओपनिंग संयोजन बनाए रखने का सवाल होगा.

2. तेज और उछाल भरी पिचों पर कैसे चलेगा भारतीय बल्ला?

भारतीय बल्लेबाजी में आक्रामक खिलाड़ियों की भरमार है. अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन और शिवम दुबे बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं. लेकिन न्यूजीलैंड की परिस्थितियां भारतीय उपमहाद्वीप से अलग हैं. यहां तेज गेंदबाजों को स्विंग और उछाल मिल सकता है. ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को शुरुआत में संभलकर खेलना होगा. केवल आक्रामक अंदाज के भरोसे रहने के बजाय परिस्थितियों के मुताबिक बल्लेबाजी करना जरूरी होगा.

Advertisement

3. बुमराह-हार्दिक की गैरमौजूदगी में गेंदबाजी कैसे संभलेगी?

भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चिंताओं में से एक गेंदबाजी है. जसप्रीत बुमराह इस T20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, जबकि चोटिल हार्दिक पंड्या भी बाहर हैं. हार्दिक की गैरमौजूदगी से टीम का तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर विकल्प प्रभावित हुआ है. अनुभवी भुवनेश्वर कुमार की वापसी से गेंदबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है. वहीं, वरुण चक्रवर्ती की फिरकी भी अहम होगी. हालांकि, न्यूजीलैंड के आक्रामक बल्लेबाजों के सामने भारतीय गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों से ही असर छोड़ना होगा.

4. श्रेयस अय्यर के सामने कप्तानी साबित करने की चुनौती

श्रेयस अय्यर के लिए यह सीरीज सिर्फ मैच जीतने का मौका नहीं, बल्कि कप्तान के तौर पर अपनी क्षमता साबित करने का भी अवसर है. विदेशी परिस्थितियों में टीम को सही दिशा देना उनके लिए अहम होगा. भारतीय टीम हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलकर न्यूजीलैंड पहुंची है. ऐसे में खिलाड़ियों को यात्रा की थकान से उबरने और नई परिस्थितियों में ढलने के लिए ज्यादा समय नहीं मिला है. अय्यर की रणनीति और मुश्किल हालात में फैसले लेने की क्षमता पर सबकी नजर रहेगी.

5. कीवी तेज गेंदबाजों से कैसे निपटेगी टीम इंडिया?

न्यूजीलैंड के पास तेज गेंदबाजी के कई मजबूत विकल्प हैं. जैकब डफी, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, काइल जेमीसन और एडम मिल्ने जैसे गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं. कप्तान मिचेल सैंटनर की कोशिश होगी कि परिस्थितियों का फायदा उठाकर भारतीय बल्लेबाजी पर दबाव बनाया जाए. वहीं, फिन एलन और ग्लेन फिलिप्स जैसे आक्रामक बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा लेंगे. ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला बल्लेबाजी और गेंदबाजी की ताकत के बीच दिलचस्प टक्कर बन सकता है.

Advertisement

कब और कहां होगा पहला मुकाबला?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा. भारतीय टीम की कोशिश जीत के साथ सीरीज का आगाज करने की होगी. भारत ने न्यूजीलैंड की धरती पर अपनी पिछली दो द्विपक्षीय T20I सीरीज जीती हैं.दोनों देशों के बीच T20 सीरीज के बाद पांच वनडे और दो टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »