न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ तीन मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम का ऐलान कर दिया गया. 15 सदस्यीय टीम में केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत जैसे बड़े नाम शामिल हैं. टीम की कप्तानी ध्रुव जुरेल को सौंपी गई है. सीरीज की शुरुआत 24 अक्टूबर से होगी.
इस टीम में 11 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल चुके हैं. हालांकि, भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर तीनों में से कितने मुकाबलों में हिस्सा लेंगे. तीनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे सीरीज की योजनाओं का भी हिस्सा हैं, जिससे उनका शेड्यूल काफी व्यस्त हो गया है.
इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच पहला अनऑफिशियल टेस्ट 24 से 28 अक्टूबर के दौरान लिंकन में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा मुकाबला 31 अक्टूबर से 3 नवंबर के दौरान क्राइस्टचर्च में होगा, जबकि तीसरा मैच 7 से 10 नवंबर के दौरान लिंकन में आयोजित होगा. इसी दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी. दूसरा वनडे 7 नवंबर और तीसरा मुकाबला 10 नवंबर को खेला जाना है. ऐसे में केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर का इंडिया-ए के लिए तीनों मैचों में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है.
पंत की फिटनेस पर सस्पेंस बरकरार
ऋषभ पंत को इंडिया-ए टीम में जगह मिली है, लेकिन उनका चयन फिटनेस पर निर्भर रहेगा. पंत को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारत की योजनाओं में भी अहम माना जा रहा है. पंत की गैरमौजूदगी की स्थिति में ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग के विकल्प हैं. साई सुदर्शन भी सीनियर टेस्ट टीम में जगह बनाने की दौड़ में हैं, जबकि मानव सुथार को स्पिन विभाग में विकल्प के तौर पर शामिल किया गया है.
टीम में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल चुके तेज गेंदबाजों आकाश दीप, अंशुल कम्बोज और मुकेश कुमार को भी शामिल किया गया है. आकाश दीप के आगामी टेस्ट असाइनमेंट के लिए भारतीय टीम में रहने की उम्मीद है. ऐसे में न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ मुकाबले उनके लिए महत्वपूर्ण मैच प्रैक्टिस साबित हो सकते हैं.
मुकेश कुमार ने भी हाल में ईरानी कप फाइनल में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था. उनकी वापसी से तेज गेंदबाजी विभाग में प्रतिस्पर्धा और बढ़ गई है. जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी भी टीम में शामिल हैं. उनके चयन के साथ इंडिया-ए की इस टीम में इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके खिलाड़ियों की संख्या 12 हो गई है.
देखा जाए तो स्क्वाड में तीन ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने अभी तक भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है. इनमें घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज स्मरण रविचंद्रन, विदर्भ के बैटर यश राठौड़ और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी शामिल हैं.
भारत ए का स्क्वॉड: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ऋषभ पंत* (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (कप्तान/विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, औकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कम्बोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़ और मुकेश कुमार.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क