भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में है. टीम इंडिया की नजरें इस मैच को जीतकर सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल करने पर हैं. वहीं, 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 में मौका मिलेगा या नहीं, इस सवाल पर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है.
चौथे T20 से पहले वैभव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बैटिंग प्रैक्टिस की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं. उन्होंने इस पोस्ट के कैप्शन में दो शब्द लिखे- 'Stay Seated'. इसके साथ उन्होंने बवंडर (Tornado) और ऑवरग्लास (Hourglass) के इमोजी भी लगाए. वैभव की इस पोस्ट के बीच उनके प्लेइंग 11 में शामिल होने की संभावना को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
हालांकि, कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच गौतम गंभीर मौजूदा प्लेइंग 11 के साथ बने रह सकते हैं. ऐसे में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी को एक बार फिर मौका मिलने की संभावना है.
सीरीज में भारत 2-1 से आगे
टीम इंडिया ने सीरीज की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और पहले T20 मुकाबले में आठ विकेट से जीत दर्ज की थी. हालांकि, दूसरे मैच में उसे छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद भारतीय टीम ने तीसरे मुकाबले में वापसी करते हुए 14 रन से जीत हासिल की.
अब भारत के पास चौथा मुकाबला जीतकर पांच मैचों की सीरीज अपने नाम करने का मौका है. दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की टीम इस मैच में जीत हासिल कर सीरीज को निर्णायक पांचवें मुकाबले तक ले जाना चाहेगी.
अभिषेक नायर चाहते हैं आखिरी T20 में खेलें वैभव
भारत के पूर्व असिस्टेंट कोच अभिषेक नायर ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी राय रखी है. नायर चाहते हैं कि भारतीय टीम पहले सीरीज अपने नाम करे और उसके बाद वैभव को आखिरी T20 मुकाबले में मौका दिया जाए.
स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए नायर ने कहा- मैं चाहूंगा कि भारत 3-1 की बढ़त हासिल करे और आखिरी मैच में सूर्यवंशी खेलें. इसलिए इसे आसान रखिए. पहले 3-1 की बढ़त हासिल कीजिए, सीरीज खत्म कीजिए और फिर सूर्यवंशी को आखिरी मैच खेलने दीजिए.
वैभव को इस सीरीज में अब तक खेलने का मौका नहीं मिला है. भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पर भरोसा कायम रखा है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट चौथे मुकाबले में कोई बदलाव करता है या नहीं.
हैदराबाद में बल्लेबाजों की होगी चांदी?
हैदराबाद का मैदान बल्लेबाजों के लिए अनुकूल और छोटी बाउंड्री के लिए जाना जाता है. ऐसे में भारत और वेस्टइंडीज के बीच एक और हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है.
इस मैदान पर T20 इंटरनेशनल में 208 और 187 रन के लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किए जा चुके हैं. भारत यहां ICC के फुल मेंबर देशों के बीच हुए T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बना चुका है, जिसमें टीम 300 रन के आंकड़े के करीब पहुंची थी.
हैदराबाद IPL फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद का घरेलू मैदान भी है. इस टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की अपनी शैली से पहचान बनाई है. अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन इसके प्रमुख उदाहरण रहे हैं.
पिछले दो वर्षों में इस मैदान पर घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी बड़े स्कोर देखने को मिले हैं. यहां 310, 297, 286 और 277 रन के स्कोर दर्ज किए गए हैं.
हाल ही में पिच को दोबारा तैयार किया गया है, लेकिन इसके बावजूद बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है. दूसरी पारी में ओस गिरने से बल्लेबाजी और आसान हो सकती है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, बारिश की संभावना नहीं है, इसलिए मुकाबले में खलल पड़ने की आशंका भी नहीं है.
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव.
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरॉन हेटमायर, अकील हुसैन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड और शमर स्प्रिंगर.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क