India vs Pakistan, U19 World Cup 2026: आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (1 फरवरी) को भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से हुआ. दोनों टीमों के बीच सुपर-सिक्स का यह मुकाबला बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हराया. भारतीय टीम ने पाकिस्तान को जीत के लिए 253 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 46.2 ओवरों में 194 रनों पर सिमट गई.
भारतीय टीम जहां सेमीफाइनल में पहुंच गई, वहीं पाकिस्तान सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया. अब भारतीय टीम दूसरे सेमीफाइनल में 4 फरवरी को हरारे में अफगानिस्तान का सामना करेगी. वहीं पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना ऑस्ट्रेलिया से 3 फरवरी को बुलावायो में होगा. खिताबी मुकाबला 6 फरवरी को खेला जाना है.
टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने समीर मिन्हास (9 रन) का विकेट सस्ते में गंवा दिया. समीर को तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने बेहतरीन गेंद पर एलबीडब्ल्यू किया. इसके बाद हमजा जहूर और उस्मान खान के बीच दूसरे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी हुई. स्पिनर कनिष्क चौहान ने हमजा को बोल्ड करके इस साझेदारी का अंत किया.
इसके बाद तो पाकिस्तानी टीम ने लगातार अंतराल में विकेट गंवाए और वो लक्ष्य से काफी दूर रह गई. उस्मान खान ने 66 और हमजा जहूर ने 42 रनों का योगदान दिया. भारत की ओर से खिलान पटेल और कप्तान आयुष म्हात्रे ने तीन-तीन विकेट झटके. विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल और आरएस अम्बरीश को एक-एक विकेट मिला.
ऐसी रही भारतीय पारी
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 49.5 ओवरों में 252 रन बनाए. भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही. वैभव सूर्यवंशी और एरॉन जॉर्ज ने मिलकर 47 रनों की साझेदारी की. इस साझेदारी को मोहम्मद सय्याम ने तोड़ा, जिन्होंने वैभव को आउट किया. वैभव ने 5 चौके और एक सिक्स की मदद से 22 गेंदों पर 30 रन बनाए. फिर सैय्याम ने कप्तान आयुष म्हात्रे (0 रन) को खाता नहीं खोलना दिया. एरॉन जॉर्ज भी 16 रनों के निजी स्कोर पर अब्दुल सुभान का शिकार बने. ये तीनों विकेट भारत ने 47 रनों के स्कोर पर खोए.
तीन विकेट गिरने के बाद वेदांत त्रिवेदी और विहान मल्होत्रा ने मिलकर पारी को संभाला. दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की. विहान मल्होत्रा (21 रन) को अहमद हुसैन ने कॉट एंड बोल्ड किया. अभिज्ञान कुंडू कुछ खास नहीं कर पाए और 16 रन बनाकर अली हसन बलोच का शिकार बने. वेदांत त्रिवेदी इस सबके बीच क्रीज पर जमे रहे. उन्होंने 2 चौके और एक सिक्स की सहायता से 74 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया.
वेदांत त्रिवेदी ने 98 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें 2 चौके के अलावा एक छक्का शामिल रहा. आरएस अम्बरीश (29 रन), खिलान पटेल (21 रन) और कनिष्क चौहान (35 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया, जिसके चलते भारतीय टीम 250 से ज्यादा का स्कोर बनाने में सफल रहे. पाकिस्तान की ओर से अब्दुल सुभान ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके. जबकि मोहम्मद सय्याम को दो सफलताएं हासिल हुईं.
इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया गया. उधव मोहन की जगह तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ये मुकाबला खेलने उतरे. दूसरी ओर पाकिस्तानी टीम ने इंजर्ड खिलाड़ी मोहम्मद शयान की जगह अली हसन बलोच की प्लेइंग-11 में एंट्री कराई.
मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: एरॉन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), वेदांत त्रिवेदी, आरएस अम्बरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल और दीपेश देवेंद्रन.
मुकाबले में पाकिस्तान की प्लेइंग-11: समीर मिन्हास, हमजा जहूर (विकेटकीपर), उस्मान खान, अहमद हुसैन, फरहान यूसुफ (कप्तान), हुजैफा अहसान, अली हसन बलोच, अब्दुल सुभान, मोमिन कमर, मोहम्मद सय्याम और अली रजा.
भारत ने अपने अभियान की शुरुआत संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाफ जीत से की थी. भारत ने यूएसए को डीएलएस नियम के तहत 6 विकेट से हराया था. फिर भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में डीएलएस नियम के जरिए 18 रनों से जीत हासिल की थी. भारत का आखिरी ग्रुप मुकबाला न्यूजीलैंड के खिलाफ रहा था, जहां वो डीएलएस नियम के तहत 7 विकेट से जीत दर्ज करने में कामयाब रही थी. इसके बाद भारत ने सुपर-6 मैच में मेजबानी टीम जिम्बाब्वे को 204 रनों से धो दिया था.
अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का फुल स्क्वॉड: आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उप-कप्ताान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर),हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, खिलान पटेल, किशन कुमार सिंह, एरॉन जॉर्ज, उधव मोहन, मोहम्मद एनान, हरवंश पंगालिया, आरएस अम्बरीश और कनिष्क चौहान,
अंडर-19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का स्क्वॉड: हमजा जहूर (विकेटकीपर), समीर मिन्हास, उस्मान खान, फरहान यूसुफ (कप्तान), अहमद हुसैन, हुजैफा अहसन, अब्दुल सुभान, मोमिन कमर, मोहम्मद सय्याम, अली रजा, उमर जैब, अली हसन बलोच, दानियाल अली खान और नकाब शफीक.
aajtak.in