भारत और न्यूजीलैंड के बीच खत्म हुई 5 मैचों की टी20 सीरीज में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला. पूरी सीरीज के दौरान दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने रनों का ऐसा पहाड़ खड़ा किया कि टी20 इंटरनेशनल इतिहास के ऑल-टाइम रन-स्कोरिंग रिकॉर्ड पूरी तरह ध्वस्त हो गए.
इस सीरीज के साथ ही भारतीय टीम ने एक कैलेंडर ईयर (एक साल) में किसी एक विरोधी टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. भारत ने साल 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कुल 2,266 रन कूटे.
दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भी न्यूजीलैंड की टीम ही है, जिसने इसी साल भारत के खिलाफ 2,207 रन बनाए थे. यानी टी20 क्रिकेट इतिहास के एक साल में किसी एक टीम के खिलाफ बनाए गए सबसे ज्यादा रनों के मामले में अब टॉप 2 पायदानों पर इसी सीरीज की दोनों टीमें काबिज हो गई हैं. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर कंबोडिया का रिकॉर्ड है, जिन्होंने 2025 में इंडोनेशिया के खिलाफ 2,109 रन बनाए थे.
शुरुआती 3 मैचों में भारत का कब्जा
भारत ने सीरीज के शुरुआती तीनों मैच जीतकर 3-0 की अजेय बढ़त बना ली थी. वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 में अभिषेक शर्मा ने महज 38 गेंदों में 113 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली थी. इसी मैच में वैभव सूर्यवंशी (45 रन) के साथ मिलकर अभिषेक ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट गंवाए 118 रन जोड़े थे और 2.2 ओवर में टीम का पचासा पूरा किया था, जो कि टी20 का जॉइंट वर्ल्ड रिकॉर्ड है.
न्यूजीलैंड की धमाकेदार वापसी
चौथे मैच में जीत दर्ज करने के बाद न्यूजीलैंड ने हैमिल्टन में खेले गए पांचवें टी20 को भी 7 विकेट से जीत लिया. अंतिम मैच में टिम सीफर्ट ने 93 रनों की पारी खेली और 4 विकेट चटकाने वाले एडम मिल्ने को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
ग्लेन फिलिप्स का रहा जलवा
सीरीज के सबसे बड़े स्टार कीवी बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स रहे, जिन्होंने 5 मैचों में कुल 341 रन कूटे. यह किसी भी टी20आई द्विपक्षीय सीरीज में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है. शानदार बल्लेबाजी के लिए फिलिप्स को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया.
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा 197 रनों के साथ सबसे सफल बल्लेबाज रहे. वहीं गेंदबाजी में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने सबसे ज्यादा 9 विकेट झटके, जबकि भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने 6 बल्लेबाजों को आउट किया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क