IND vs NAM Highlights, T20 World Cup 2026: भारतीय टीम की नामीबिया पर रिकॉर्डतोड़ जीत... वरुण चक्रवर्ती ने गेंद से बरपाया कहर, हार्दिक पंड्या-ईशान किशन भी चमके

India vs Namibia, T20 World Cup 2026: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और नामीबिया के बीच टी20 वर्ल्ड कप का अहम मुकाबला खेला गया. भारतीय टीम ने इस मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की. इससे पहले उसने यूएसए को भी हराया था.

Advertisement
वर्ल्ड कप में आज भारत-नामीबिया का मुकाबला है. (Photo: Getty) वर्ल्ड कप में आज भारत-नामीबिया का मुकाबला है. (Photo: Getty)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 12 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:55 PM IST

IND vs NAM, T20 World Cup 2026: आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 के मैच नंबर-18 में गुरुवार (12 फरवरी) को भारतीय टीम का सामना नामीबिया से हुआ. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए ग्रुप-ए के इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 93 रनों से शानदार जीत हासिल की. टी20 वर्ल्ड कप में रनों के लिहाज से भारतीय टीम की ये सबसे बड़ी जीत रही. इससे पहले उसने 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को 90 रनों से हराया था.

Advertisement

भारत ने इस मुकाबले में नामीबिया को जीत के लिए 210 रनों का टारगेट दिया था. टारगेट का पीछा करते हुए नामीबिया की पूरी टीम 16.2 ओवरों में 116 रनों पर सिमट गई. भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 2 ओवरों में 7 रन देकर तीन विकेट झटके. 'प्लेयर ऑफ द मैच' हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को भी दो-दो सफलताएं मिलीं. भारतीय टीम की जीत में ईशान किशन की भी अहम भूमिका रही, जिन्होंने बैटिंग में गदर काटा.

भारतीय टीम की मौजूदा टूर्नामेंट में ये लगातार दूसरी जीत रही. डिफेंडिंग चैम्पियन भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज यूएसए (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ 29 रनों की जीत के साथ किया था. वहीं नामीबिया को अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स के हाथोों सात विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी.

ऐसी रही नामीबिया की इनिंग्स
रनचेज में नामीबिया की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही. उसने चौथे ही ओवर में जान फ्राइलिंक का विकेट गंवा दिया, जो 22 रन बनाकर अर्शदीप सिंह की गेंद पर आउट हुए. इसके बाद लॉरेन स्टीनकैंप और जान निकोल लॉफ्टी-ईटन ने मिलकर 34 रन जोड़े. मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने लॉरेन स्टीनकैंप (29 रन) को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा. वरुण यहीं नहीं रुके और एक ही ओवर में दो विकेट झटके. उन्होंने जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (13 रन) और जेजे स्मिट (0 रन) को पवेलियन भेजा. 

Advertisement

नामीबिया को इसके बाद कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (18 रन) के रूप में पांचवां झटका लगा, जो अक्षर पटेल का शिकार बने. अक्षर ने इसके बाद मलान क्रूगर (5 रन) को आउट कर भारतीय टीम को छठी सफलता दिलाई. जसप्रीत बुमराह ने भी विकेट कॉलम में अपना नाम दर्ज कराया, जब उन्होंने रूबने ट्रम्पेलमैन (6 रन) को बोल्ड किया. फिर बर्नाट्ज शोल्ट्ज (4 रन) और बेन शिकोंगो (0 रन) को हार्दिक पंड्या ने पवेलियन चलता किया. जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज जेन ग्रीन 11 रन बनाकर शिवम दुबे की गेंद पर हिटविकेट आउट हुए.

ईशान-हार्दिक ने जड़े अर्धशतक
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए. भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने संजू सैमसन का विकेट सस्ते में गंवा दिया. संजू ने तीन छक्के और एक चौके की मदद से 8 बॉल पर 22 रनों का योगदान दिया. संजू का विकेट बेन शिकोंगो ने लिया. यहां से ईशान किशन और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की. ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली, जिसमें 5 चौके और चार छक्के शामिल रहे.

छठे ओवर में जेजे स्मिट्स के खिलाफ ईशान किशन ने लगातार चार छक्के लगाए और कुल 28 रन बटोरे. ईशान ने कुल मिलाकर 6 चौके और पांच छक्के की मदद से 24 गेंदों पर 61 रन बनाए. ईशान ने तो तूफानी पारी खेली, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने निराश किया. सूर्या ने 12 और तिलक ने 25 रन बनाए. तिलक के आउट होने के समय भारत का स्कोर 124/4 था.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 6,6,6,6... ईशान किशन ने नामीबिया के खिलाफ किया धुआं-धुआं, तूफानी पारी खेल बना दिए कई रिकॉर्ड्स

यहां से हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 81 रन जोड़कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. हार्दिक ने 4 छक्के और चार चौके की मदद से 28 बॉल पर 52 रन बनाए. हार्दिक ने इस दौरान 27 बॉल पर अपनी फिफ्टी पूरी की. वहीं शिवम दुबे ने 23 रनों का योगदान दिया. दोनों बल्लेबाज 19वें ओवर में आउट हुए. गेरहार्ड इरास्मस ने उस ओवर में अक्षर पटेल को भी 0 के निजी स्कोर पर चलता किया.

भारतीय टीम ने इसके बाद आखिरी ओवर में रिंकू सिंह (1 रन) और अर्शदीप सिंह (2 रन) के विकेट खोए. देखा जाए तो भारतीय टीम ने आखिरी दो ओवरों में सिर्फ 10 रन बनाए और उसके 5 विकेट गिरे. नामीबियाई कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस मुकाबले में चार विकेट झटके. बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और जेजे स्मिट को एक-एक सफलता हासिल हुई.

भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव
इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे और उनकी जगह संजू सैमसन को ओपनिंग करने का मौका मिला. वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने राइट आर्म पेसर मोहम्मद सिराज की जगह ली.

Advertisement

मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह.

क्लिक करें: भारत-नामीब‍िया का T20 वर्ल्ड कप में मुकाबला, देखें बॉल बाय बॉल अपडेट

मुकाबले में नामीबिया की प्लेइंग-11: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मलान क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हेंगो.

भारत और नामीबिया के बीच इससे पहले सिर्फ एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला गया था. वो मुकाबला आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2021 के दौरान हुआ था. तब भारतीय टीम ने दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में नामीबिया को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement