बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. 26 साल के इस गेंदबाज ने अफगानिस्तान के खिलाफ अबू धाबी में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन (11 अक्टूबर) हैट्रिक ली. इसी के साथ हसन टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए.
हसन महमूद ने अफगानिस्तान की पहली पारी के 83वें ओवर में यह कारनामा किया. उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर इस्मत आलम को बोल्ड कर दिया. फिर हसन ने अगली गेंद पर नए बल्लेबाज कैस अहमद को विकेटकीपर लिटन दास के हाथों कैच आउट करा दिया. इसके बाद हैट्रिक पूरी करने के लिए हसन को एक और विकेट की जरूरत थी.
ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने जिया-उर-रहमान के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की, लेकिन मैदानी अंपायर ने उनकी अपील खारिज कर दी. बांग्लादेश ने रिव्यू लेने का फैसला किया. रीप्ले और हॉक-आई तकनीक में गेंद ऑफ स्टम्प पर लगती दिखाई दी, जिसके बाद अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा.
इस तरह हसन महमूद ने लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी पहली हैट्रिक पूरी की. उनकी इस उपलब्धि ने बांग्लादेशी क्रिकेट में एक नया अध्याय जोड़ दिया.
हसन महमूद बांग्लादेश की ओर से टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले कुल तीसरे गेंदबाज हैं. उनसे पहले अलोक कपाली ने 2003 में पेशावर में पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक ली थी. वहीं सोहाग गाजी ने 2013 में न्यूजीलैंड के खिलाफ चटगांव टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी. हालांकि, हसन से पहले दोनों गेंदबाज स्पिनर थे.
हसन महमूद ने अफगानिस्तान की पहली पारी में कुल 55 रन देकर पांच विकेट लिए. उनके प्रदर्शन के चलते अफगानिस्तान की टीम 240 रनों पर सिमट गई. बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 346 रन बनाए थे. यानी बांग्लादेश ने पहली पारी के आधार पर 106 रनों की बढ़त हासिल की, जिससे मुकाबले में उसकी स्थिति मजबूत हो गई..
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क