हसन महमूद (Hasan Mahmud) बांग्लादेश के क्रिकेटर हैं. वह दाएं हाथ के फास्ट-मीडियम गेंदबाज के रूप में खेलते हैं. उनका जन्म 12 अक्टूबर 1999 को हुआ था. वह 2020 से बांग्लादेश की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे हैं. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने चटगांव डिवीजन का प्रतिनिधित्व किया है. 2026 में वह बांग्लादेश प्रीमियर लीग में नोआखाली एक्सप्रेस और इंग्लैंड के काउंटी क्रिकेट में केंट से जुड़े.
हसन महमूद ने घरेलू क्रिकेट में अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू 13 अक्टूबर 2017 को 2017-18 नेशनल क्रिकेट लीग में चटगांव डिवीजन के लिए किया. इसके बाद उन्होंने 5 फरवरी 2018 को ढाका प्रीमियर डिवीजन क्रिकेट लीग में खेलाघर समाज कल्याण समिति के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में पदार्पण किया.
नवंबर 2019 में उन्हें ढ़ाका प्लाटून की टीम में शामिल किया गया. उन्होंने 12 दिसंबर 2019 को इस टीम के लिए टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया. इसी दौर में उनका नाम बांग्लादेश की अंडर-19 टीम और बाद में राष्ट्रीय टीम की योजनाओं में भी शामिल हुआ.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हसन महमूद ने 11 मार्च 2020 को जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया. इसके बाद उन्होंने 20 जनवरी 2021 को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला मैच खेला. मार्च 2023 में आयरलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान उन्होंने 23 मार्च को अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला पांच विकेट हॉल लिया.
मार्च 2024 में हसन महमूद को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए बांग्लादेश की टीम में शामिल किया गया. उन्होंने 30 मार्च 2024 को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया. इसके बाद वह पाकिस्तान और अन्य अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भी बांग्लादेश के टेस्ट स्क्वाड का हिस्सा रहे.
जून 2026 में हसन महमूद ने इंग्लिश काउंटी क्रिकेट क्लब केंट के साथ करार किया, जहां उन्हें 2026 काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन टू के छह मैचों के लिए शामिल किया गया. जुलाई 2026 में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश टीम में चुना गया. सीरीज के पहले टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 6/55 विकेट लिए और मैच में कुल 9/111 विकेट दर्ज किए. इस मैच में बांग्लादेश ने मेजबान टीम को 9 विकेट से हराया और हसन महमूद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
इस समय बांग्लादेश की टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है, दोनों देशों के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज हो रही है. पहला टेस्ट डार्विन में शुरू हुआ, जहां बांग्लादेशी गेंदबाज हसन महमूद ने 6 विकेट झटकर ऑस्ट्रेलिया की हवा निकाल दी.
बांग्लादेश ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को उसकी धरती पर टेस्ट मैच में हराया है. इससे पहले उसने ऑस्ट्रेलियाई धरती पर 2003 में दो टेस्ट खेले थे और दोनों में हार मिली थी. यानी 23 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेलने पहुंची बांग्लादेशी टीम ने इस बार इतिहास बदल दिया.