Hardik Pandya IPL 2027 new Team & Transfer Update: आईपीएल 2026 के बाद से हार्दिक पंड्या के भविष्य को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच हार्दिक पंड्या के ट्रेड को लेकर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है. हालांकि अब दोनों फ्रेंचाइजियों ने इन खबरों पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है.
'क्रिकबज' के मुताबिक- चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने साफ कहा कि फिलहाल हार्दिक पंड्या को लेकर किसी तरह का प्रपोजल उनकी टेबल पर नहीं है. उन्होंने कहा कि टीम अभी सीजन का रिव्यू पूर नहीं कर पाई है क्योंकि मेजर लीग क्रिकेट (MLC) जारी है. रिव्यू खत्म होने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि ट्रेड विंडो में किन खिलाड़ियों को लेकर चर्चा करनी है.
उधर मुंबई इंडियंस ने भी ट्रेड की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि फ्रेंचाइजी इस समय किसी खिलाड़ी के ट्रेड पर बातचीत नहीं कर रही है. टीम का पोस्ट-सीजन रिव्यू अभी शुरू हुआ है और उसके पूरा होने के बाद ही किसी खिलाड़ी के भविष्य पर फैसला लिया जाएगा.
मुंबई इंडियंस कर रही है रिव्यू
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की सालाना आम बैठक (AGM) के बाद मुंबई इंडियंस ने अपने पूरे सीजन का रिव्यू शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि इस बार रिव्यू पहले के मुकाबले ज्यादा व्यापक और विस्तृत होगा. टीम मैनेजमेंट सिर्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि पूरे सपोर्ट स्टाफ और कोचिंग सेटअप का भी आकलन कर रहा है.
मुंबई इंडियंस के प्रवक्ता ने कहा कि पोस्ट-सीजन रिव्यू के दौरान टीम से जुड़े हर पहलू पर विचार किया जाएगा. अलग-अलग ऑप्शन और प्लानिंग का मूल्यांकन होगा और उसके बाद ही खिलाड़ियों को लेकर कोई फैसला होगा.
क्या हार्दिक का ट्रेड पूरी तरह खारिज हो गया?
ऐसा बिल्कुल नहीं है. क्रिकबज के मुताबिक हार्दिक पंड्या और मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट के बीच कुछ स्तर पर बातचीत जरूर हुई है. हालांकि दोनों पक्षों ने इस पर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
जानकारी के अनुसार अंतिम फैसला लेने से पहले टीम मैनेजमेंट अपने कोचिंग स्टाफ की राय भी लेगा. मौजूदा सपोर्ट स्टाफ के सभी प्रमुख कोचों से सीजन पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है. इन रिपोर्ट्स की समीक्षा जारी है और कोचों के प्रदर्शन का भी मूल्यांकन किया जाएगा.
यानी हार्दिक पंड्या का ट्रेड अभी पूरी तरह खारिज नहीं हुआ है, लेकिन फिलहाल उस पर कोई जल्दबाजी भी नहीं दिखाई जा रही. मुंबई इंडियंस सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही अगला कदम उठाएगी.
हार्दिक को IPL 2027 में कौन लेना चाहता है?
अगर भविष्य में हार्दिक पंड्या ट्रेड विंडो में उपलब्ध होते हैं तो सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स ही नहीं, बल्कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), राजस्थान रॉयल्स (RR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) भी उन्हें अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश कर सकती हैं.
हालांकि सबसे बड़ा सवाल यही रहेगा कि मुंबई इंडियंस को हार्दिक के बदले ऐसा पैकेज मिलता है या नहीं, जिससे फ्रेंचाइजी संतुष्ट हो सके. फिलहाल हार्दिक के ट्रेड पर तस्वीर पूरी तरह साफ होने में अभी वक्त लगेगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क