इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-62 में रविवार (17 मई) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से हुआ. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराया. दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 194 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 4 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. दिल्ली कैपिटल्स इस जीत के साथ प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है.
मौजृदा आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन उतना खास नहीं रहा है. दिल्ली कैपिटल्स ने 13 मुकाबले खेलकर 6 में जीत हासिल की है और उसके 12 अंक हैं. वहीं राजस्थान रॉयल्स ने 12 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे 6 में जीत नसीब हुई. राजस्थान रॉयल्स के भी 12 पॉइंट्स हैं.
ऐसी रही दिल्ली कैपिटल्स की बैटिंग
रनचेज में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत शानदार रही. केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की. इस पार्टनरशिप को बृजेश शर्मा ने तोड़ा, जिन्होंने पोरेल का विकेट लिया. पोरेल ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 31 बॉल पर 51 रन बनाए. पोरेल के आउट होने के कुछ देर बाद राहुल ने अपनी फिफ्टी पूर कर ली.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में बड़ा बदलाव तय! ऋषभ से छीनी जा सकती है टेस्ट की उप-कप्तानी, ये खिलाड़ी बनेगा गिल का डिप्टी
दिल्ली कैपिटल्स को दूसरा झटका साहिल पारख (9 रन) के रूप में लगा, जो जोफ्रा आर्चर का शिकार बने. इसके बाद केएल राहुल भी पवेलियन लौट गए, जिन्हें दासुन शनाका ने बोल्ड किया. राहुल ने 3 छक्के और एक चौके की सहायता से 42 गेंदों पर 56 रन बनाए. ट्रिस्टन स्टब्स सिर्फ 4 रन बना सके और उनका विकेट जोफ्रा आर्चर ने झटका.
डेविड मिलर से दमदार हिटिंग की उम्मीद थी, लेकिन वो 9 रनों के निजी स्कोर पर बृजेश शर्मा का शिकार बने. कप्तान अक्षर पटेल ने 2 छक्के और दो चौके की मदद से 18 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाकर दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. अक्षर का साथ आशुतोष शर्मा ने दिया, जिन्होंने केवल 5 बॉल पर नाबाद 18 रन बनाए.
राजस्थान की पारी की हाइलाइट्स
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 193 रन बनाए. राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में यशस्वी जायसवाल (12 रन) का विकेट खो दिया. यशस्वी का विकेट लुंगी एनगिडी ने झटका. हालांकि फॉर्म में चल रहे वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी रखी. वैभव ने 5 चौके और तीन छक्के की मदद से 21 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेली. वैभव ने इस दौरान ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी का बवंडर... IPL में बनाया छक्कों का रिकॉर्ड, अभिषेक शर्मा पीछे छूटे
माधव तिवारी ने वैभव सूर्यवंशी को पवेलियन भेजा. यहां से कप्तान रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की. रियान पराग ने 26 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और पांच छक्के शामिल रहे. मिचेल स्टार्क ने 15वें ओवर में रियान को आउट किया. उस ओवर में स्टार्क ने फिर डोनोवन फरेरा (0 रन) और रवि सिंह (4 रन) को भी पवेलियन भेजा.
इसके चलते राजस्थान रॉयल्स का मोमेंटम बिगड़ गया और वो 200 का आंकड़ा भी नहीं छू पाई. शुभम दुबे (5 रन) और दासुन शनाका (10 रन) ने बल्ले से खासा निराश किया. विकेटकीपर बैटर ध्रुव जुरेल ने 53 रनों की पारी जरूर खेली, लेकिन वो तेजी से स्कोर नहीं कर सके. दिल्ली कैपिटल्स के लिए मिचेल स्टार्क ने चार विकेट झटके. जबकि माधव तिवारी और लुंगी एनगिडी को दो-दो विकेट मिले.
इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक 32 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान दिल्ली कैपिटल्स ने 17 मुकाबलों में जीत हासिल की. जबकि राजस्थन रॉयल्स ने 15 मुकाबले जीते. मौजूदा सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. इससे पहले 1 मई 2026 को दोनों के बीच मुकाबला खेला गया था, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से परास्त किया.
दिल्ली vs राजस्थान h2h
कुल आईपीएल मैच: 32
दिल्ली ने जीते: 17
राजस्थान ने जीते: 15
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-11: केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय, लुंगी एनगिडी, मिचेल स्टार्क और मुकेश कुमार.
इम्पैक्ट सब: आशुतोष शर्मा.
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), रवि सिंह, डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा और यश राज पुंजा.
इम्पैक्ट सब: दासुन शनाका.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क