इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे टेस्ट मैच में एक डराने वाला वाकया देखने को मिला. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की रफ्तार भरी बाउंसर न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ब्लेयर टिकनर के सिर पर जा लगी, जिसके बाद उन्हें कन्कशन हो गया. हैरानी की बात यह रही कि चोट लगने के बावजूद टिकनर ने बल्लेबाजी पूरी की और बाद में गेंदबाजी करने भी मैदान पर उतरे. लेकिन मेडिकल जांच में कन्कशन की पुष्टि होने के बाद उन्हें मैच के बाकी हिस्से से बाहर कर दिया गया.
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि ब्लेयर टिकनर अब इस टेस्ट मैच में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे. उनकी जगह जकारी फाउकेस को कंकशन रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है. घटना न्यूजीलैंड की पहली पारी के 114वें ओवर में हुई. जोफ्रा आर्चर अपनी रफ्तार से बल्लेबाजों को परेशान कर रहे थे. ओवर की दूसरी गेंद उन्होंने शॉर्ट पिच फेंकी, जो तेजी से उठी और सीधे ब्लेयर टिकनर के हेलमेट पर जा लगी.
गेंद लगते ही ब्लेयर टिकनर जमीन पर गिर पड़े और मैदान पर कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया. न्यूजीलैंड की मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची और उनका कन्कशन टेस्ट किया गया. हालांकि शुरुआती जांच के बाद उन्हें बल्लेबाजी जारी रखने की अनुमति दे दी गई. टिकनर ने हिम्मत दिखाते हुए बल्लेबाजी जारी रखी और नाबाद 4 रन बनाकर लौटे.
सिर पर इतनी जोरदार चोट लगने के बावजूद ब्लेयर टिकनर इंग्लैंड की पहली पारी में गेंदबाजी करने भी उतरे. उन्होंने तीन ओवर का स्पेल डाला और 21 रन खर्च किए. लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें मैदान से बाहर बुला लिया गया. दिन का खेल समाप्त होने के बाद मेडिकल टीम ने उनकी दोबारा जांच की, जिसमें कन्कशन की पुष्टि हुई.
इसके बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बयान जारी कर कहा, 'ब्लेयर टिकनर को पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान हेलमेट पर गेंद लगी थी. मेडिकल जांच के बाद उन्हें कन्कशन के कारण मैच के बाकी हिस्से से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह जकारी फाउलकेस को टीम में शामिल किया गया है.'
मैच की बात करें तो दूसरे दिन (26 जून) न्यूजीलैंड ने 361/4 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया था. ऐसा लग रहा था कि टीम 500 रन के करीब पहुंच सकती है, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मेहमान टीम को पहली पारी में 438 रनों पर समेट दिया. न्यूजीलैंड ने सिर्फ 77 रन जोड़कर अपने आखिरी छह विकेट गंवा दिए.इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने चार विकेट झटके. वहीं जोफ्रा आर्चर और शोएब बशीर ने दो-दो विकेट अपने नाम किए.
438 रन के जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और एमिलियो गे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. लेकिन इसके बाद बेन डकट और जैकब बेथेल ने न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. एशेज 2025 में खराब फॉर्म से जूझने वाले डकट ने शानदार वापसी करते हुए 113 रनों की दमदार पारी खेली. यह उनके टेस्ट करियर का सातवां शतक रहा. दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने 2 विकेट पर 223 रन बना लिए और वह न्यूजीलैंड से सिर्फ 215 रन पीछे है. जैकब बेथेल 74 और जो रूट 21 रनों के स्कोर पर नॉटआउट लौटे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क