रोहित शर्मा पर मचे रिटायरमेंट विवाद से BCCI नाराज, चयनकर्ताओं को दिया साफ संदेश

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने ये स्पष्ट किया है कि रोहित शर्मा लॉर्ड्स में अपना आखिरी वनडे मैच नहीं खेलेंगे. बीसीसीआई हालांकि रोहित शर्मा को लेकर मीडिया में लीक हुई रिपोर्ट से खुश नहीं है. बीसीसीआई ने चयनकर्ताओं को हिदायत दी है कि इस तरह की बातें सार्वजनिक ना की जाएं.

Advertisement
रोहित शर्मा इंग्लैंड दौरे पर उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. (Photo: PTI) रोहित शर्मा इंग्लैंड दौरे पर उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 18 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:55 AM IST

रोहित शर्मा के ओडीआई फ्यूचर को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही अटकलों के बीच भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने बड़ा कदम उठाया है. मीडिया में रोहित के भविष्य और संभावित संन्यास से जुड़ी खबरें सामने आने के बाद बोर्ड नाराज बताया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई ने अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़ी गोपनीय चर्चाएं मीडिया तक नहीं पहुंचनी चाहिए.

Advertisement

दरअसल, हाल ही में ऐसी रिपोर्ट सामने आई थी कि चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा को बता दिया है कि इंग्लैंड दौरे के बाद वह वनडे टीम की भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं होंगे. इसके बाद यह अटकलें तेज हो गईं कि लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है. हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन दावों को आधिकारिक तौर पर खारिज कर दिया है.
यह भी पढ़ें: 'लॉर्ड्स वनडे नहीं होगा रोहित का आखिरी मैच', हिटमैन के संन्यास की खबरों पर BCCI का पूर्णविराम

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड इस बात से बेहद नाराज है कि चयनकर्ताओं और रोहित शर्मा के बीच हुई निजी बातचीत मीडिया तक पहुंच गई. बीसीसीआई ने चयन समिति को स्पष्ट संदेश दिया है कि इस तरह के संवेदनशील मामलों पर किसी भी तरह की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाए. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चयनकर्ताओं के साथ बातचीत काफी समय से चल रही है और इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्य कोच गौतम गंभीर को भी थी.

Advertisement

रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा फिलहाल संन्यास लेने के इच्छुक नहीं हैं. उन्होंने बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से भी इस विषय पर चर्चा की है और 2027 वनडे विश्व कप खेलने की अपनी इच्छा कई बार जाहिर कर चुके हैं. हालांकि, रिपोर्ट में अलग-अलग सूत्रों के हवाले से दो अलग दावे किए गए हैं. एक पक्ष का कहना है कि रोहित किसी भी हाल में अभी संन्यास नहीं लेना चाहते, जबकि दूसरे पक्ष का दावा है कि चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के रवैये से वह निराश हैं और भविष्य को लेकर बड़ा फैसला ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: लॉर्ड्स में भारत-इंग्लैंड का 'फाइनल', नजरें रोहित शर्मा पर, कैसा है 'क्रिकेट के मक्का' में टीम इंड‍िया का र‍िकॉर्ड

रोहित शर्मा का इस साल वनडे क्रिकेट में प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है. उन्होंने 8 पारियों में सिर्फ 241 रन बनाए हैं. उनका औसत 30.12 रहा है और इस दौरान वह सिर्फ एक अर्धशतक ही लगा सके हैं. इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में भी वह पहले दो मैचों में 11 और 26 रन ही बना पाए.

इससे पहले आई एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल दोनों से अपनी योजनाओं पर चर्चा की थी. चयन समिति अब सीमित ओवरों में यशस्वी जायसवाल को लगातार मौके देने के पक्ष में है. उनका मानना है कि युवा बल्लेबाज ने मिले सीमित अवसरों में अच्छा प्रदर्शन किया है और अब वह लंबी रन देने के हकदार हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »