एशिया कप 2027 की मेजबानी के लिए बांग्लादेश ने मीरपुर, सिलहट और चटगांव को संभावित वेन्यू के रूप में प्रस्तावित किया है. एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने अंतिम फैसला लेने से पहले इन तीनों मैदानों की सुविधाओं और तैयारियों की विस्तृत जानकारी मांगी है.
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, एशिया कप 2027 वनडे फॉर्मेट में होगा. टूर्नामेंट की शुरुआत 18 जून से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 4 जुलाई को खेला जाएगा. हालांकि ACC ने अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है.
मीडिया से बातचीत में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सईद इब्राहिम अहमद ने बताया कि बोर्ड ने देश के तीन नियमित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान, मीरपुर, चट्टोग्राम और सिलहट को टूर्नामेंट के लिए प्रस्तावित किया है.
यह भी पढ़ें: रेस्ट के नाम पर संजू सैमसन के साथ हो गया 'खेल'? रॉबिन उथप्पा ने BCCI पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा, 'हम मीरपुर, चटगांव और सिलहट पर विचार कर रहे हैं क्योंकि यही हमारे नियमित अंतरराष्ट्रीय वेन्यू हैं. हालांकि अभी कुछ भी अंतिम नहीं हुआ है. अगर अगले साल एशिया कप बांग्लादेश में आयोजित होता है, तो दर्शकों को शानदार क्रिकेट देखने का मौका मिलेगा.'
अहमद ने बताया कि एसीसी ने बीसीबी से इन तीनों प्रस्तावित वेन्यू की सुविधाओं और अन्य तैयारियों के बारे में अधिक जानकारी मांगी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले कुछ दिनों में इस मामले पर अंतिम फैसला हो सकता है.
उन्होंने कहा, 'एसीसी ने हमसे संपर्क किया है और तीनों प्रस्तावित वेन्यू के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी है. हमें उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में यह मामला तय हो जाएगा.'
यह भी पढ़ें: 'फुटबॉल में नस्लवाद बर्दाश्त नहीं...', एम्बाप्पे के समर्थन में उतरे FIFA अध्यक्ष, नस्लीय टिप्पणी की कड़ी निंदा की
मेजबानी मिलने को लेकर आशावादी नजर आए अहमद ने कहा कि बीसीबी टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा, 'हमें उम्मीद है कि इतने वर्षों बाद एशिया कप फिर से बांग्लादेश आएगा, ताकि हम क्रिकेट प्रेमियों और दर्शकों के लिए एक बेहतरीन टूर्नामेंट आयोजित कर सकें.'
उन्होंने आगे कहा, 'हम अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहे हैं. हमारी तैयारियों को देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि हम कितने सकारात्मक हैं. अब आगे क्या होता है, यह अंतिम फैसले पर निर्भर करेगा.' अगर बांग्लादेश को मेजबानी मिलती है, तो 11 साल बाद एशिया कप की मेजबानी उसके पास आएगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क