भारत में होगी एशेज सीरीज! क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ऐसा क्या कहा कि मच गई हलचल

क्रिकेट जगत की सबसे पुरानी टेस्ट सीरीज क्या भविष्य में भारत की धरती पर खेली जा सकती है? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने पहली बार इस संभावना पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अगर टेस्ट क्रिकेट को आगे बढ़ाने की बात होगी तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया सभी विकल्पों पर विचार करने के लिए तैयार है.

Advertisement
ऑस्ट्रेलिया ने पिछली एशेज सीरीज में इंग्लैंड को 4-1 से हराया था. (Photo: Reuters) ऑस्ट्रेलिया ने पिछली एशेज सीरीज में इंग्लैंड को 4-1 से हराया था. (Photo: Reuters)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 24 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:45 AM IST

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने भविष्य में भारत में एशेज टेस्ट आयोजित करने की संभावना को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने वाली इस ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज को भारत में आयोजित करने की फिलहाल कोई योजना नहीं है, लेकिन इस विकल्प को पूरी तरह खारिज भी नहीं किया जा सकता.

Advertisement

टॉड ग्रीनबर्ग ने बीबीसी के 'स्टम्प्ड' पॉडकास्ट में कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) दोनों के साथ बेहद मजबूत रिश्ते हैं. ऐसे में अगर भविष्य में टेस्ट क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए किसी नए मॉडल पर विचार करना पड़े, तो भारत भी एक बड़ा विकल्प हो सकता है.

उन्होंने कहा, 'ईसीबी और बीसीसीआई दोनों के साथ हमारे रिश्ते शानदार हैं. भारत में क्रिकेट को लेकर अपार संभावनाएं हैं. फिलहाल ऐसा कोई प्लान नहीं है, लेकिन हम सभी विकल्पों पर विचार करने के लिए तैयार हैं.' ग्रीनबर्ग का मानना है कि मौजूदा दौर में टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता सबसे ज्यादा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत में ही बनी हुई है. इसलिए इन तीनों क्रिकेट शक्तियों की जिम्मेदारी है कि वे इस फॉर्मेट को और मजबूत करें.

Advertisement

उन्होंने आगे कहा, 'ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत में टेस्ट क्रिकेट आज भी बेहद मजबूत है. दुनिया के कई हिस्सों में टेस्ट क्रिकेट संघर्ष कर रहा है, लेकिन इन देशों में इसका आकर्षण बरकरार है. हम चाहते हैं कि यह और आगे बढ़े.'

बीबीएल 2026-27 का पहला मैच भारत में
टॉड ग्रीनबर्ग का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में बिग बैश लीग (BBL) ने भी भारत में कदम रखने का ऐलान किया है. इस साल टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा. बीबीएल का भारत आना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट भारत के विशाल क्रिकेट बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहता है. ऐसे में भविष्य में भारत में एशेज टेस्ट कराने की संभावना पर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.

हालांकि टॉड ग्रीनबर्ग ने यह भी स्वीकार किया कि इस विचार को अमल में लाना आसान नहीं होगा. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर पहले से ही आईसीसी टूर्नामेंट, द्विपक्षीय सीरीज और दुनिया भर की टी20 लीग्स से भरा हुआ है. उन्होंने कहा, 'वैश्विक क्रिकेट की सबसे बड़ी चुनौती यही है कि हमारे पास साल में सिर्फ 365 दिन हैं, जबकि क्रिकेट की बढ़ती मांग को देखते हुए शायद हमें एक-दो महीने और चाहिए.'

Advertisement

एशेज टेस्ट क्रिकेट की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित प्रतिद्वंद्विता है, जिसकी शुरुआत 1877 में हुई थी. हाल ही में 2027 एशेज के कार्यक्रम का ऐलान किया गया है. पुरुष और महिला दोनों एशेज सीरीज इंग्लैंड में एक साथ खेली जाएंगी. इसके अलावा पहली बार मिक्स्ड डिसएबिलिटी एशेज का भी आयोजन होगा.

टॉड ग्रीनबर्ग के बयान के बाद अब यह चर्चा जरूर तेज हो गई है कि आने वाले वर्षों में क्रिकेट प्रशंसकों को भारत की धरती पर भी एशेज का रोमांच देखने को मिल सकता है. हालांकि फिलहाल यह सिर्फ एक संभावना है, आधिकारिक योजना नहीं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »