दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने IPL 2027 से पहले अपनी कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव किया है. टीम ने पूर्व भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा को स्पिन गेंदबाजी कोच (Spin-bowling Coach) नियुक्त किया है. IPL में अपनी फिरकी और गुगली से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले मिश्रा अब कोच की भूमिका में नजर आएंगे.
दिल्ली कैपिटल्स ने अमित मिश्रा के कोच बनने पर एक वीडियो शेयर किया है. इसमें मिश्रा दिल्ली के साथ अपने पुराने जुड़ाव को याद करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली के साथ उनका पहला सीजन बतौर खिलाड़ी था और अब बतौर कोच भी उनका पहला सीजन इसी टीम के साथ होगा. वीडियो में मिश्रा कहते हैं, 'टाइगर कभी अपने शिकार को छोड़ता नहीं है और दिल्ली उनकी धड़कन है.' अमित मिश्रा 2008 से लेकर 2024 के बीच आईपीएल खेले थे. वहीं भारत के लिए डेब्यू साल 2003 में सौरव गांगुली की कप्तानी में हुआ था.
दिल्ली कैपिटल्स ने इस बार सौरव गांगुली को हेड कोच बनाया है, जबकि युवराज सिंह असिस्टेंट कोच और बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे. टीम ने तेज गेंदबाजी कोच के तौर पर चामिंडा वास (Chaminda Vaas) को भी पेश किया है.
IPL में अमित मिश्रा के नाम ऐतिहासिक रिकॉर्ड
अमित मिश्रा ने 4 सितंबर 2025 को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया था. वह लंबे समय तक अपनी विविधतापूर्ण गेंदबाजी और शानदार कंट्रोल के लिए जाने गए. IPL में उनके नाम तीन हैट्रिक दर्ज हैं. वह इस टूर्नामेंट में तीन हैट्रिक लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं.
यह भी पढ़ें: शुरू हो गई युवराज सिंह की IPL मास्टर क्लास, करुण नायर को दी स्पेशल ट्रेनिंग, VIDEO
मिश्रा ने IPL में 162 मैच खेले और 174 विकेट हासिल किए. उन्होंने 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ, 2011 में डेक्कन चार्जर्स के लिए किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ और 2013 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ हैट्रिक ली थी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में फिर चला 'दादा' का सिक्का, IPL 2027 से पहले सौरव गांगुली बने हेड कोच
43 साल के अमित मिश्रा ने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. उनके नाम इंटरनेशनल में कुल 156 विकेट हैं. उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 2017 में खेला था, लेकिन इसके बाद भी घरेलू क्रिकेट और IPL में सक्रिय रहे.
उनका आखिरी मुकाबला IPL 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ था. उस मैच में उन्होंने 20 रन देकर एक विकेट लिया था.
अमित मिश्रा के क्रिकेट करियर के आंकड़े
इंटरनेशनल क्रिकेट
- टेस्ट: 22 मैच, 648 रन और 76 विकेट.
- वनडे: 36 मैच, 43 रन और 64 विकेट.
- टी20 इंटरनेशनल: 10 मैच, 0 रन और 16 विकेट.
घरेलू क्रिकेट और टी20
- फर्स्ट क्लास: 152 मैच, 4176 रन और 535 विकेट.
- लिस्ट A: 152 मैच, 910 रन और 252 विकेट.
- टी20 (घरेलू/आईपीएल): 259 मैच, 808 रन और 285 विकेट.
दिल्ली कैपिटल्स के लिए अमित मिश्रा की यह नई पारी इसलिए भी खास है, क्योंकि वह अब उसी टीम से जुड़े हैं जिसके साथ उन्होंने IPL में अपने सफर का एक सीजन खेला था. अब उनकी चुनौती टीम के स्पिन गेंदबाजों को बेहतर बनाने और अपने लंबे अनुभव को उनके साथ शेयर करने की होगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क