भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और BCCI के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2027 सीजन के लिए अपना नया हेड कोच बनाया है. गांगुली अब टीम की कोचिंग और रणनीति की कमान संभालेंगे.
उनके अनुभव को देखते हुए दिल्ली कैपिटल्स को उनसे टीम के प्रदर्शन में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद होगी. JSW और GMR के सह-स्वामित्व वाली दिल्ली कैपिटल्स ने 6 अक्टूबर (मंगलवार) को इसकी आधिकारिक घोषणा की है.
गांगुली अब हेमांग बदानी की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. बदानी ने आईपीएल के 2025 और 2026 सीजन में टीम के साथ यह भूमिका निभाई थी.
गांगुली के लिए यह दिल्ली कैपिटल्स के साथ एक नई भूमिका होगी, लेकिन फ्रेंचाइजी से उनका रिश्ता काफी पुराना है. वह साल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स से बतौर एडवाइजर जुड़े थे.
इसके बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी के क्रिकेटिंग सेटअप में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं. वह पुरुष और महिला दोनों टीमों के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट भी रह चुके हैं. खिलाड़ी के तौर पर संन्यास लेने के बाद गांगुली ने क्रिकेट प्रशासन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वह BCCI के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
दिल्ली कैपिटल्स परिवार का अहम हिस्सा रहे हैं गांगुली
गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेटिंग सिस्टम को करीब से देखा और समझा है. अब हेड कोच के तौर पर उनकी जिम्मेदारी टीम को IPL खिताब की चुनौती के लिए तैयार करने की होगी.
दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और को-ओनर पार्थ जिंदल ने गांगुली की नियुक्ति पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि 'दादा' हमेशा से दिल्ली कैपिटल्स परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे हैं. जिंदल के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट के महान कप्तानों और प्रशासकों में शामिल गांगुली अब हेड कोच की भूमिका संभाल रहे हैं और उनकी विजनरी लीडरशिप में टीम IPL खिताब के लिए बेहतर तरीके से तैयार होगी.
हेड कोच बनने पर क्या बोले गांगुली?
सौरव गांगुली ने नई जिम्मेदारी मिलने पर कहा कि वह IPL में हेड कोच की भूमिका संभालने के लिए उत्साहित हैं. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को अपने दिल के बेहद करीब बताया.
गांगुली ने कहा कि उन्होंने फ्रेंचाइजी के मालिकों, मैनेजमेंट, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ लंबे समय तक काम किया है. उनके मुताबिक टीम में काफी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और हाल के समय में टीम ने अच्छा क्रिकेट खेला है.
गांगुली ने कहा कि वह नए सीजन में टीम के साथ काम करने और एक मजबूत और निडर टीम तैयार करने को लेकर उत्साहित हैं.
2020 में पहली बार IPL फाइनल में पहुंची थी DC
दिल्ली कैपिटल्स की स्थापना 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स के नाम से हुई थी. साल 2019 में फ्रेंचाइजी ने अपना नाम बदलकर दिल्ली कैपिटल्स किया. टीम ने 2020 में पहली बार IPL के फाइनल में जगह बनाई थी, हालांकि खिताब जीतने में कामयाब नहीं हो सकी.
अब गांगुली के हेड कोच बनने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की कोशिश IPL के अगले सीजन में खिताब की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाने की होगी. दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अक्षर पटेल के हांथों में हैं. वहीं, ऋषभ पंत की भी IPL 2027 सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हो गई है.
फैन्स की नजर अगले IPL सीजन पर
सौरव गांगुली की वापसी ने दिल्ली कैपिटल्स के फैन्स की उम्मीदें बढ़ा दी हैं. अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि 'दादा' की रणनीति के साथ दिल्ली कैपिटल्स अगले IPL सीजन में कैसा प्रदर्शन करती है और क्या टीम पहली बार खिताब अपने नाम कर पाती है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क