भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप आज अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं. टीम इंडिया के इस स्टार क्रिकेटर की शादी वाराणसी में हो रही है, जहां वह अक्षिता राज के साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे. शादी से पहले उनकी होने वाली दुल्हन की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस विवाह को लेकर चर्चा तेज हो गई थीं.
रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र स्थित बड्डी गांव में आकाश दीप के घर पिछले चार दिनों से शादी की पारंपरिक रस्में चल रही थीं. परिवार और रिश्तेदार शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
जानकारी के अनुसार, आकाश दीप की होने वाली पत्नी अक्षिता राज रोहतास जिले के डेहरी के मानिकपुर की रहने वाली हैं. वह अमित सिंह की पुत्री हैं और एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं. परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों की सहमति से यह रिश्ता तय हुआ है. बताया जाता है कि अक्षिता की पढ़ाई-लिखाई और परवरिश डेहरी में ही हुई है तथा वह बेहद शांत और संजीदा स्वभाव की हैं.
आकाश दीप भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन चुके हैं, लेकिन उन्होंने अपने परिवार की पसंद को प्राथमिकता देते हुए पारंपरिक तरीके से विवाह करने का फैसला किया. यही वजह है कि इस शादी को लेकर स्थानीय लोगों के बीच भी खास उत्साह देखा जा रहा है.
आज आकाश दीप की बारात बड्डी गांव से वाराणसी के एक पांच सितारा होटल के लिए रवाना हुई, जहां विवाह समारोह आयोजित किया गया है. सूत्रों के मुताबिक, इस हाई-प्रोफाइल शादी में खेल, मनोरंजन और अन्य क्षेत्रों से जुड़े कई चर्चित चेहरे भी शामिल हो सकते हैं.
शादी से पहले दुल्हन अक्षिता राज की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों को शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला भी शुरू हो गया है. क्रिकेट प्रशंसकों के बीच भी आकाश दीप की शादी चर्चा का विषय बनी हुई है.
इनपुट: रंजन और मनोज (वाराणसी)
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क