भारत दौरे के लिए अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने एकमात्र टेस्ट मैच और तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए अलग-अलग स्क्वॉड जारी किए हैं. दोनों फॉर्मेट में टीम की कप्तानी हशमतुल्लाह शाहिदी करेंगे. हालांकि टीम के सबसे बड़े मैच विनर्स में शामिल राशिद खान टेस्ट सीरीज में खेलते नजर नहीं आएंगे. उन्हें केवल वनडे टीम में शामिल किया गया है.
राशिद खान हाल ही में चोट से वापसी कर क्रिकेट मैदान पर लौटे हैं. 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने पीठ की सर्जरी करवाई थी, जिसके चलते वह लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहे हैं. डॉक्टरों की सलाह के कारण राशिद फिलहाल अपने वर्कलोड को सावधानी से मैनेज कर रहे हैं और इसी वजह से उन्हें टेस्ट टीम से बाहर रखा गया है.
राशिद खान ने कुछ समय पहले कहा था, 'मैं ODI क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह फिट हूं और लंबे समय तक अफगानिस्तान के लिए खेलना चाहता हूं. लेकिन मुझे अपने शरीर का ध्यान रखना होगा और ज्यादा वर्कलोड से बचना होगा.'
दिलचस्प बात यह है कि IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 खत्म होते ही अफगानिस्तान टीम भारत दौरे पर पहुंचेगी. राशिद खान फिलहाल गुजरात टाइटन्स (GT) का हिस्सा हैं और उनकी टीम IPL प्लेऑफ में जगह बना चुकी है. ऐसे में फैन्स को वनडे सीरीज में एक बार फिर राशिद का जलवा देखने को मिल सकता है.
अफगानिस्तान की वनडे टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे बड़े नाम शामिल हैं. वहीं टेस्ट टीम में अब्दुल मिलक, रहमत शाह और सेदिकुल्लाह अटल को मौका मिला है. युवा खिलाड़ियों और अनुभवी सितारों का संतुलन टीम को मजबूत बना रहा है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जाने वाला यह एकमात्र टेस्ट मैच वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा नहीं होगा. हालांकि ओडीआई सीरीज दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसे 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.
अफगानिस्तान का वनडे स्क्वॉड : हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांगेयालिया खरोटे, अल्लाह गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक और बिलाल सामी.
रिजर्व: कैस अहमद, सलीम सफी और बशीर अहमद.
अफगानिस्तान का टेस्ट स्क्वॉड: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमानुल्लाह जादरान, अफसर जजई (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खरोटे, कैस अहमद, बिलाल सामी, जिया शरीफी और सलीम सफी.
रिजर्व: बशीर अहमद, बहिर शाह और इस्मत आलम.
अफगानिस्तान के भारत दौरे का शेड्यूल:
टेस्ट मैच- 6 जून से, न्यू चंडीगढ़, सुबह 9.30 बजे
पहला वनडे- 14 जून, धर्मशाला, दोपहर 1:30 बजे
दूसरा वनडे- 17 जून, लखनऊ, दोपहर 1:30 बजे
तीसरा वनडे- 20 जून, चेन्नई, दोपहर 1:30 बजे
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क