अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल में अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि कीवी गेंदबाज धराशायी . 35 गेंदों में शतक और 38 गेंदों में 113 रन की पारी खेलने वाले अभिषेक ने भारत को 6 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली.
लेकिन मैच के बाद चर्चा सिर्फ उनकी तूफानी पारी की नहीं रही. अभिषेक के मेंटर युवराज सिंह ने उनकी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए मजाक में याद दिलाया कि वह अब तक 12 गेंदों में अर्धशतक नहीं बना पाए हैं. इस पर अभिषेक ने भी मजेदार अंदाज में जवाब दिया.
युवराज की चुटकी पर क्या बोले अभिषेक?
मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान अभिषेक से युवराज की टिप्पणी के बारे में पूछा गया. उन्होंने हंसते हुए कहा- मुझे नहीं पता कि वह उस समय कौन सा क्रिकेट खेल रहे थे, लेकिन 12 गेंदों में 50 रन बनाना बिल्कुल आसान नहीं है. अगर कोई बल्लेबाज ऐसा करने जाता है, तो यह आसान नहीं होता. आप बस मैदान पर जाकर 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकते. ऐसा कभी-कभी ही होता है.
अभिषेक ने यह भी साफ किया कि उनका और वैभव सूर्यवंशी का टारगेट व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाना नहीं था. दोनों की कोशिश पावरप्ले में तेजी से रन बनाकर टीम को जीत की स्थिति में पहुंचाने की थी. उन्होंने कहा कि टीम के लिए मैच जीतना सबसे जरूरी है और यही रणनीति वे पूरी सीरीज में अपनाना चाहते हैं.
वैभव के साथ मिलकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की धुनाई
वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 में भारत के सामने 199 रन का लक्ष्य था. अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 7.1 ओवर में 133 रन जोड़ दिए. वैभव ने 19 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने 11 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 38 गेंदों पर 113 रन ठोक दिए.
भारत ने पहले पांच ओवर में ही 100 रन पूरे कर लिए और पावरप्ले के छह ओवर में स्कोर 118 रन तक पहुंचा दिया. यह टी20 पारी के शुरुआती छह ओवर में सबसे बड़ा स्कोर रहा. अभिषेक ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 35 गेंदों में शतक जड़ दिया. उन्होंने अपने खास मेडिटेशन पोज में शतक का जश्न मनाया.
अभिषेक ने बताया, कैसे तैयार की थी रणनीति
अभिषेक ने अपनी पारी के पीछे पिच को समझने और मैदान के आकार का फायदा उठाने की रणनीति को अहम बताया. उन्होंने कहा कि फील्डिंग के दौरान उन्होंने अतिरिक्त उछाल पर ध्यान दिया था. इसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में गेंद की गति और मैदान के आयामों का फायदा उठाने का फैसला किया. वैभव ने पहले ही ओवर में शानदार शुरुआत की, जिससे टीम को लय मिल गई.
अभिषेक ने कोचिंग स्टाफ को भी अपनी पारी का श्रेय दिया. उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान साइडआर्म गेंदों पर काफी काम किया गया था. उनके मुताबिक, बल्लेबाज के लिए तैयारी बेहद जरूरी है. पिच और मैदान की परिस्थितियों के साथ गेंदबाजों को ध्यान में रखकर शॉट खेलने होते हैं. मैच से एक दिन पहले भी उनका अभ्यास सत्र अच्छा रहा था और वह उसका पूरा फायदा उठाना चाहते थे. अभिषेक ने कहा कि उन्होंने इस पारी की कल्पना की थी और फिर वैसा ही हुआ.
न्यूजीलैंड ने बनाए थे 198 रन
इससे पहले न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल की नाबाद 89 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में 3 विकेट पर 198 रन बनाए थे. मिचेल ने 52 गेंदों का सामना किया. फिन एलन ने 25 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि बेवन जैकब्स 23 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाकर लौटे. भारत की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और वैभव ने मैच को एकतरफा बना दिया. भारत ने 13.2 ओवर में 6 विकेट से जीत हासिल कर ली और 40 गेंदें बाकी रहते लक्ष्य पार कर लिया.
इस जीत के साथ भारत ने न्यूजीलैंड में लगातार तीसरी टी20 इंटरनेशनल सीरीज जीतने का सिलसिला भी कायम रखा. भारतीय टीम ने 2020 में 5-0 और 2022 में 1-0 से सीरीज जीती थी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क