डराने वाला खुलासा- कैसे प्लास्टिक के नन्हे कण धरती को बना रहे हैं और गर्म

माइक्रोप्लास्टिक्स वायुमंडल में गर्मी सोखकर ग्लोबल वार्मिंग बढ़ा रहे हैं. रंगीन और काले प्लास्टिक के कण सफेद कणों की तुलना में 75 गुना अधिक गर्मी सोखते हैं, जो भविष्य में क्लाइमेट चेंज के लिए एक गंभीर खतरा हैं.

Advertisement
माइक्रोप्लास्टिक की वजह से धरती गर्म हो रही है. ये साइंटिफिक खुलासा हाल ही में हुआ है. (Photo: Getty) माइक्रोप्लास्टिक की वजह से धरती गर्म हो रही है. ये साइंटिफिक खुलासा हाल ही में हुआ है. (Photo: Getty)

ऋचीक मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:39 PM IST

हाल ही में हुए एक नए रिसर्च ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है. अब तक हम जानते थे कि प्लास्टिक प्रदूषण हमारे समुद्रों, नदियों और मिट्टी को नुकसान पहुंचा रहा है, लेकिन अब वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि प्लास्टिक के सूक्ष्म कण जिन्हें माइक्रोप्लास्टिक्स कहा जाता है, हमारे वायुमंडल को गर्म करने में भी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं. 

Advertisement

नेचर क्लाइमेट चेंज जर्नल में छपा रिसर्च यह बताता है कि हवा में तैरते ये नन्हे कण सूरज की रोशनी को सोख रहे हैं, जिससे पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है. खास तौर से रंगीन माइक्रोप्लास्टिक्स सबसे ज्यादा खतरनाक साबित हो रहे हैं.

क्या होते हैं माइक्रोप्लास्टिक्स और वायुमंडल में इनकी भूमिका?

माइक्रोप्लास्टिक्स प्लास्टिक के वे छोटे टुकड़े होते हैं जिनका आकार 5 मिलीमीटर से भी कम होता है. ये अक्सर बड़े प्लास्टिक कचरे के टूटने या घिसने से बनते हैं. हमारे कपड़ों, कॉस्मेटिक्स और टायरों के घिसने से निकलने वाले ये कण आज हवा में हर जगह मौजूद हैं. 

यह भी पढ़ें: 9 मई, ठंडी गई... पलटी मारने वाला है मौसम, सुपर अल-नीनो को लेकर क्या है अलर्ट

ड्यूक यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ड्रू शिंडेल के अनुसार, वायुमंडल में मौजूद ये कण दो तरह से काम करते हैं- या तो ये सूरज की रोशनी को वापस अंतरिक्ष में रिफलेक्ट कर देते हैं, जिससे ठंडक होती है. या फिर ये गर्मी को सोख लेते हैं, जिससे तापमान बढ़ता है. यह साफ हो गया है कि कुल मिलाकर माइक्रोप्लास्टिक्स गर्मी को सोखने का काम ज्यादा कर रहे हैं, जिसका मतलब है कि वे वार्मिंग एजेंट यानी धरती को गर्म करने वाले कारण बन चुके हैं.

Advertisement

रंगीन और काले प्लास्टिक: गर्मी सोखने वाले सबसे बड़े दुश्मन

चीन की फुदान यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन में पाया कि प्लास्टिक का रंग यह तय करने में बहुत महत्वपूर्ण है कि वह कितनी गर्मी पैदा करेगा. काले, पीले, नीले और लाल रंग के माइक्रोप्लास्टिक्स सफेद या पारदर्शी कणों की तुलना में सूरज की रोशनी को बहुत तेजी से सोखते हैं.

स्टडी में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि रंगीन और काले प्लास्टिक के कण बिना रंग वाले प्लास्टिक की तुलना में 75 गुना ज्यादा गर्मी सोखते हैं. जैसे-जैसे ये कण पुराने होते हैं, वायुमंडल में मौजूद अन्य रसायनों के संपर्क में आते हैं, उनकी गर्मी सोखने की क्षमता और भी बदल जाती है, जो जलवायु के लिए एक अनजाना खतरा है.

कोयले के पावर प्लांट्स और प्रदूषण से तुलना

वैज्ञानिकों ने माइक्रोप्लास्टिक्स के प्रभाव की तुलना ब्लैक कार्बन या कालिख (Soot) से की है, जो जीवाश्म ईंधन के जलने से पैदा होती है. वायुमंडल में मौजूद माइक्रोप्लास्टिक्स, ब्लैक कार्बन द्वारा होने वाली गर्मी का लगभग छठा हिस्सा पैदा कर रहे हैं.  

यह भी पढ़ें: दुनिया के सबसे बड़े मौसम वैज्ञानिक की भविष्यवाणी- 2026 होगा सबसे गर्म

प्रोफेसर शिंडेल का कहना है कि एक साल में निकलने वाले माइक्रोप्लास्टिक्स का वैश्विक प्रभाव लगभग 200 कोयले से चलने वाले बिजली संयंत्रों के बराबर है. हालांकि यह कारों या बड़ी इंडस्ट्रीज के मुकाबले कम लग सकता है, लेकिन यह इतना भी कम नहीं है कि इसे नजरअंदाज कर दिया जाए. सबसे बड़ी चिंता यह है कि प्लास्टिक दशकों तक नष्ट नहीं होता, जिसका मतलब है कि इसके दीर्घकालिक परिणाम बहुत गंभीर हो सकते हैं.

Advertisement

भविष्य की चुनौतियां  

फिलहाल जलवायु परिवर्तन के जो मॉडल दुनिया भर में इस्तेमाल किए जा रहे हैं, उनमें माइक्रोप्लास्टिक्स से होने वाली इस अतिरिक्त गर्मी को शामिल नहीं किया गया है. वैज्ञानिकों का मानना है कि यह शोध केवल एक शुरुआत है और अभी बहुत कुछ जानना बाकी है.

विएना विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एंड्रियास स्टोहल के अनुसार, वायुमंडल में माइक्रोप्लास्टिक्स को मापने की तकनीक अभी शुरुआती दौर में है. इसलिए अभी इसके सटीक प्रभाव को लेकर अनिश्चितताएं बनी हुई हैं. वे यह भी कहते हैं कि ईकोसिस्टम और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले बुरे प्रभावों को देखते हुए प्लास्टिक उत्पादन पर लगाम लगाना पहले से ही जरूरी था. अब जलवायु परिवर्तन एक और बड़ा कारण बन गया है.

यह भी पढ़ें: हंतावायरस का नया चेहरा दिखा, क्रूज शिप पर इंसानों से इंसानों में फैलने की खबर

प्रोफेसर शिंडेल उम्मीद करते हैं कि इस शोध के बाद दुनिया भर के वैज्ञानिक इस दिशा में और अधिक काम करेंगे ताकि हम समझ सकें कि ये अदृश्य कण हमारी धरती के भविष्य को किस तरह प्रभावित कर रहे हैं. फिलहाल संदेश साफ है- प्लास्टिक सिर्फ जमीन और पानी की समस्या नहीं, बल्कि हमारे आसमान और जलवायु के लिए भी एक बड़ा खतरा बन चुका है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement