Lucky Plant Vastu:हर कोई चाहता है कि उसका घर सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहे, परिवार में सुख-शांति बनी रहे और आर्थिक तंगी कभी पास न भटके. वास्तु शास्त्र और फेंगशुई में प्रकृति की इस ऊर्जा को संतुलित करने के लिए पौधों को बेहद असरदार माना गया है. घर या कार्यस्थल पर सही पौधे लगाने से न सिर्फ घर की खूबसूरती बढ़ती है, बल्कि कई तरह के ग्रह दोष, मानसिक तनाव और आर्थिक संकट भी दूर होते हैं.
आइए जानते हैं ऐसे 9 चमत्कारी पौधों के बारे में, जिन्हें घर में सही दिशा में लगाने पर जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं.
1. कर्ज मुक्ति और आर्थिक मजबूती के लिए: अनार का पौधा
यदि आप लंबे समय से कर्ज के जाल में फंसे हैं या लाख कोशिशों के बावजूद धन टिकता नहीं है, तो घर में अनार का पौधा लगाना बेहद शुभ माना जाता है. वास्तु के अनुसार, इसे सही दिशा (विशेषकर आग्नेय या पूर्व दिशा में विशेषज्ञ की सलाह से) में लगाने से घर में धन के नए स्रोत खुलते हैं, इससे आर्थिक स्थिरता आती है.
2. पैसों की तंगी दूर करने के लिए: कृष्णकांता की बेल
नीले फूलों वाली कृष्णकांता (अपराजिता) की बेल मां लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय है. इसे घर में लगाने से आर्थिक तंगी दूर होती है , बरकत बढ़ती है. ऐसा माना जाता है कि इस पौधे के नीले फूल सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करते हैं .
3. पीढ़ी दर पीढ़ी मां लक्ष्मी के वास के लिए: बेलपत्र (बिल्व पत्र)
भगवान शिव को प्रिय बेलपत्र का वृक्ष जिस घर के परिसर या आसपास होता है, वहां मां लक्ष्मी की कृपा पीढ़ियों तक बनी रहती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पेड़ की छांव मात्र से घर का वातावरण पवित्र और ऊर्जावान हो जाता है.
4. ग्रह दोष शांति के लिए: चंदन और शमी का पौधा
शमी का पौधा: शनि ग्रह के अशुभ प्रभावों और बाधाओं से मुक्ति पाने के लिए शमी का पौधा मुख्य द्वार के बाईं ओर लगाना बहुत लाभकारी माना जाता है.
चंदन का पौधा: यह पौधा राहु और अन्य नकारात्मक दोषों को शांत करने में मददगार माना जाता है. इससे घर का माहौल शांत और सुसंस्कृत बनता है.
5. पारिवारिक कलह और क्लेश मिटाने के लिए: निर्गुंडी का पौधा
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अक्सर छोटी-छोटी बातों पर घर के सदस्यों के बीच तनाव और कलह बढ़ जाती है. निर्गुंडी का पौधा घर में लगाने से मानसिक शांति मिलती है . आपसी रिश्ते मधुर होते हैं. यह घर की नकारात्मक ऊर्जा को सोखकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाता है.
6. करियर में तरक्की और पॉजिटिव एनर्जी के लिए: बैम्बू (बांस) प्लांट
फेंगशुई के अनुसार लकी बैम्बू (Bamboo Plant) घर में गुड लक, लंबी उम्र और सफलता लेकर आता है. इसे हमेशा पूर्व या दक्षिण-पूर्व दिशा में रखना फलदायी होता है. यह करियर में आने वाली बाधाओं को दूर कर प्रोग्रेस के रास्ते खोलता है.
7. बीमारियों को दूर भगाने के लिए: तुलसी, आंवला और बहेड़ा का त्रिकोण
स्वास्थ्य सबसे बड़ा धन है. वास्तु जानकारों के अनुसार घर के आसपास तुलसी, आंवला और बहेड़ा का संयोजन (त्रिकोण) रखने से घर में बीमारियों का प्रभाव कम होता है. ये तीनों पौधे मिलकर प्राकृतिक रूप से पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, घर की रोग प्रतिरोधक व सकारात्मक ऊर्जा को मजबूत बनाते हैं.
8. करियर और कानूनी सफलता के लिए: गुड़हल का पौधा
यदि आप किसी कानूनी मामले (कोर्ट-कचहरी) में फंसे हैं या करियर में बार-बार अड़चनों का सामना कर रहे हैं, तो लाल फूलों वाला गुड़हल का पौधा लगाना अचूक लाभ देता है. यह सूर्य और मंगल की ऊर्जा को मजबूत करता है, जिससे मान-सम्मान और सफलता के योग बनते हैं.
9. मान-प्रतिष्ठा और बच्चों की तेज बुद्धि के लिए: नारियल और अशोक वृक्ष
नारियल का पेड़: घर के आसपास नारियल का पेड़ होने से मान-सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि होती है.
अशोक का वृक्ष: अशोक का अर्थ ही होता है 'जिसके होने में शोक न हो'. इसे घर के मुख्य द्वार पर लगाने से घर में नकारात्मक ऊर्जा प्रवेश नहीं करती और बच्चों की बौद्धिक क्षमता व एकाग्रता तेज होती है.
aajtak.in