महिला का भेष, हाथ में हथियार और हाईवे पर लूट... कोटा पुलिस ने 'कोहिनूर गैंग' के 5 बदमाशों को दबोचा

कोटा पुलिस ने हाईवे पर लूट की साजिश रच रहे 'कोहिनूर गैंग' के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला का भेष बनाकर वाहनों को रुकवाते और साथियों की मदद से लूटपाट करते थे. पुलिस ने उनके पास से देसी कट्टा, कारतूस, चाकू, मिर्च पाउडर और महिला के कपड़े बरामद किए. आरोपी ट्रक चालकों को निशाना बनाने की तैयारी में थे.

Advertisement
हाईवे पर लूट की बड़ी साजिश नाकाम.(Photo: Chetan Gurjar/ITG) हाईवे पर लूट की बड़ी साजिश नाकाम.(Photo: Chetan Gurjar/ITG)

चेतन गुर्जर

  • कोटा,
  • 21 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:02 PM IST

कोटा पुलिस ने बड़ी वारदात से पहले कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो चाकू, मिर्च पाउडर और रस्सी बरामद की गई है. पुलिस को तलाशी के दौरान महिला के कपड़े भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी हाईवे पर वाहनों को निशाना बनाकर लूट की साजिश रच रहे थे.

Advertisement

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का एक सदस्य महिला का भेष बनाकर सुनसान इलाकों में खड़ा हो जाता था. जैसे ही कोई वाहन चालक उसे देखकर गाड़ी रोकता, उसी दौरान उसके अन्य साथी मौके पर पहुंचकर चालक को धमकाते और लूटपाट करते थे. आरोपी खुद को 'कोहिनूर गैंग 0007' से जुड़ा बताते थे और इसी नाम से अपनी पहचान बना रहे थे.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाला युवक हिरासत में, कोटा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

गश्त के दौरान संदिग्ध कार से हुआ खुलासा

शहर एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि बोरखेड़ा थाना पुलिस गुरुवार रात करीब 9 बजे कोटा-चित्तौड़ नेशनल हाईवे पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को एक कार में पांच संदिग्ध युवक बैठे नजर आए. पुलिस ने संदेह के आधार पर कार को रुकवाकर तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ, जिसके बाद सभी आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया.

Advertisement

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ट्रक और अन्य वाहनों को निशाना बनाकर लूट की योजना बना रहे थे. पुलिस की सतर्कता के चलते वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई.

हथियार सप्लाई नेटवर्क और सोशल मीडिया कनेक्शन की जांच

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद देसी कट्टा उन्होंने कालू मीणा, शरणजीत सरदार और लोकेश नाम के व्यक्तियों से खरीदा था. इसके बाद पुलिस अब हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच में जुट गई है और इससे जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं.

जांच में यह भी सामने आया है कि 'कोहिनूर गैंग (कोहिनूर ग्रुप कोटा) 0007' नाम से एक सोशल मीडिया पेज चलाया जा रहा था. इस पेज पर हथियारों के प्रदर्शन, फायरिंग और स्टंट से जुड़े वीडियो पोस्ट किए जाते थे. बताया जा रहा है कि इस पेज से 200 से अधिक युवा जुड़े हुए हैं.

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने मनीष सुमन (28) निवासी शिमला, विकास योगी (22) निवासी कासमपुरा दीगोद, प्रदीप मीणा (21) निवासी उम्मेदगंज, रोहित मीणा (24) निवासी ताथेड़ और अजय मीणा (19) निवासी सीमलिया को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

फिलहाल पुलिस इस गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है. साथ ही सोशल मीडिया के जरिए गैंग के प्रचार और हथियारों के प्रदर्शन से जुड़े पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement