जयपुर में ब्लैक थार का डरावना स्टंट... चौराहे पर लगाए 10 चक्कर, गाड़ी के नीचे आने से बचा रील बना रहा युवक

जयपुर के वैशाली नगर चौराहे पर एक ब्लैक थार चालक ने रोंगटे खड़े कर देने वाला स्टंट किया. उसने गाड़ी घुमाकर करीब 10 चक्कर लगाए. इस दौरान पास में खड़ा एक युवक स्टंट का वीडियो बना रहा था, जो गाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. घटना का वीडियो सामने आया है.

Advertisement
जयपुर के चौराहे पर थार का डरावना वीडियो. (Photo: Screengrab) जयपुर के चौराहे पर थार का डरावना वीडियो. (Photo: Screengrab)

विशाल शर्मा

  • जयपुर,
  • 07 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 1:54 PM IST

जयपुर में सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक बार फिर सड़क पर लोगों की जान के लिए खतरा बनता दिखा. यहां एक ब्लैक थार के ड्राइवर ने बीच चौराहे पर ऐसा स्टंट किया कि देखने वाले भी दंग रह गए. गाड़ी को एक ही जगह तेजी से घुमाते हुए करीब 10 चक्कर लगाए गए. इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग डर गए. सबसे खतरनाक बात यह रही कि पास में खड़ा एक युवक इस स्टंट का वीडियो बना रहा था. थार उसके इतने करीब से गुजरी कि वह उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचा.

Advertisement

यह मामला जयपुर के वैशाली नगर इलाके में आम्रपाली सर्किल का है. घटना शनिवार, 7 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे की है. स्टंट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है. अब पुलिस CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि थार और उसके ड्राइवर की पहचान की जा सके.

यहां देखें वीडियो

वायरल वीडियो में एक ब्लैक थार आम्रपाली सर्किल के बीचोंबीच तेजी से घूमती दिखाई दे रही है. ड्राइवर गाड़ी को एक ही जगह पर घुमाता है और लगातार कई चक्कर लगाता है. उसने करीब 10 राउंड लगाए.

थार के तेजी से घूमने के दौरान सड़क पर धूल और टायरों की आवाज के बीच आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया. यह कोई खाली मैदान या स्टंट करने के लिए तय की गई जगह नहीं थी, बल्कि शहर का एक चौराहा था, जहां आमतौर पर दूसरे वाहन और लोग भी आते-जाते हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: देवरिया में दुर्गा पूजा मेले में स्कॉर्पियो से खतरनाक स्टंटबाजी, कई लोग घायल; VIDEO VIRAL होने पर पुलिस ने दर्ज की FIR

इस पूरे स्टंट के दौरान एक युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था. वह थार के काफी करीब खड़ा था. गाड़ी जब तेजी से घूमी तो युवक उसकी चपेट में आते-आते बचा. जरा सी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था.

वीडियो में दिख रहा यह पल सबसे ज्यादा डराने वाला है. एक तरफ ड्राइवर गाड़ी से स्टंट कर रहा था, दूसरी तरफ युवक उसका वीडियो बनाने में लगा था. दोनों की थोड़ी सी लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ सकती थी.

पुलिस CCTV से तलाश रही थार चालक को

वीडियो वायरल होने के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस को वायरल वीडियो की जानकारी मिली है. आम्रपाली सर्किल पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी जा रही है.

पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर ड्राइवर की पहचान करने की कोशिश कर रही है. थानाधिकारी के मुताबिक, पहचान होने के बाद कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि थार किसकी है और स्टंट करने वाला ड्राइवर कौन था. वीडियो ने एक बार फिर सड़क पर रील बनाने और खतरनाक स्टंट करने के चलन पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कुछ सेकंड की वायरल रील के चक्कर में ड्राइवर ने न सिर्फ अपनी, बल्कि सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों की जान भी जोखिम में डाल दी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »