Rajasthan News: दौसा जिले में प्रेम विवाह को लेकर विवाद सामने आया है. आरोप है कि 84 गांवों की खाप पंचायत में प्रेम विवाह का विरोध करते हुए महिला पक्ष पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगाने और राशि नहीं देने पर समाज से बहिष्कार की चेतावनी दी गई. इस मामले में महिला ने वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है.
रामगढ़ पचवारा निवासी अर्जुन लाल मीणा का आरोप है कि उनके भतीजे कमलेश मीणा और एक युवती ने अपनी सहमति से प्रेम विवाह किया है.
परिवार का कहना है कि इसके बाद आयोजित खाप पंचायत में उनकी बात नहीं सुनी गई और 21 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का फैसला सुनाया गया. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत के दौरान उन पर दबाव बनाया गया और विरोध करने पर दंड भी लगाया गया.
वहीं, युवती ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उसने अपनी इच्छा और सहमति से प्रेम विवाह किया है तथा उसका अपहरण या जबरदस्ती नहीं हुई. उसने अपने ससुराल और पीहर पक्ष के कुछ लोगों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है. देखें VIDEO:-
इधर, थाना अधिकारी मदनलाल मीणा ने बताया कि युवती की ओर से सुरक्षा संबंधी प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुआ है.
मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए इस्तगासा दायर कर पाबंद कराया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
संदीप मीणा