BMW पुलिया से टकराई, 2 करोड़ की कार चकनाचूर; जाने-माने बिजनेसमैन की मौत

राजस्थान के अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार BMW कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गई, जिससे 2 करोड़ रुपये की लग्जरी कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई. हादसे में जाने-माने उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

Advertisement
घटना के बाद BMW कार चकनाचूर हो गई, जिसमें वल्लभ माहेश्वरी की मौत हाे गई (Photo: ITG) घटना के बाद BMW कार चकनाचूर हो गई, जिसमें वल्लभ माहेश्वरी की मौत हाे गई (Photo: ITG)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर ,
  • 09 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:31 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक चेहरा सामने आया है. लग्जरी कार से सफर कर रहे जाने-माने उद्योगपति की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि करीब दो करोड़ रुपये की BMW कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.

Advertisement

यह हादसा  दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अलवर जिले के अलवर के रेणी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार से आ रही लग्जरी कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गई. दुर्घटना में उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक को हल्की चोटें आईं. अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उद्योगपति को मृत घोषित कर दिया.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

मिली जानकारी के अनुसार हादसा एक्सप्रेसवे के चैन नंबर 136.8 के पास हुआ. बताया जा रहा है कि BMW कार जयपुर से बड़ौदामेव की ओर जा रही थी. इसी दौरान अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने प्लांटेशन एरिया में स्थित पुलिया की दीवार से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के इलाके में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े. जब उन्होंने कार की हालत देखी तो हर कोई स्तब्ध रह गया. कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक चुका था और गाड़ी का ढांचा बुरी तरह मुड़ गया था.

Advertisement

कार से निकालने में लगी घंटों की मशक्कत

हादसे के बाद कार के अंदर फंसे उद्योगपति और चालक को बाहर निकालना आसान नहीं था. एक्सप्रेसवे पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना प्रशासन और एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम को दी. कुछ ही देर में पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई. कार की हालत देखकर बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी. कई घंटे की कोशिश के बाद दोनों को कार से बाहर निकाला जा सका. घायल अवस्था में दोनों को तुरंत पास के पिनान स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. लेकिन उद्योगपति की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत अलवर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अलवर के प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी का इलाज शुरू किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उन्हें बचाया नहीं जा सका. अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर के सामने आते ही उनके परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों को तुरंत हादसे की सूचना दी गई और वे जल्द ही अलवर पहुंच गए.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही रेणी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई. इसके बाद वाहन को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया. पुलिस ने उद्योगपति के परिजनों को सूचना देकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

Advertisement

नेताओं ने जताया शोक

उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी के निधन की खबर सामने आते ही कई राजनीतिक नेताओं ने भी दुख व्यक्त किया. राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. वहीं नेता प्रतिपक्ष ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. कई अन्य जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया क्या हुआ

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी. एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों के अनुसार संभव है कि चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई हो, जिसके कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया. बताया जा रहा है कि कार अचानक दाईं ओर मुड़ी और प्लांटेशन एरिया के पास बनी पुलिया की दीवार से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह टूट गया.

एक्सप्रेसवे पर पहले भी हो चुके हैं हादसे

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देश की सबसे आधुनिक और तेज रफ्तार सड़कों में से एक माना जाता है. लेकिन इसके साथ ही तेज गति के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है. पिछले कुछ समय में इस एक्सप्रेसवे पर कई बड़े हादसे सामने आ चुके हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी दूरी तक सीधी सड़क होने के कारण कई बार चालक को नींद की झपकी आ जाती है, जो दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन सकती है.

Advertisement

सुरक्षा को लेकर उठते सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण छोटी सी चूक भी गंभीर दुर्घटना में बदल सकती है. ऐसे में ड्राइवरों को लंबी दूरी की यात्रा के दौरान नियमित अंतराल पर आराम करने और सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement