मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. ताजा मामला जिला मुख्यालय के बीटीआई रोड इलाके से सामने आया है, जहां घर के बाहर टहल रही एक बुजुर्ग महिला पर कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार 61 वर्षीय प्रतिभा मोडक, जो एक सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, अपने घर के बाहर गली में टहल रही थीं. इसी दौरान गली में घूम रहे कुछ आवारा कुत्तों में से एक कुत्ते ने उन पर भौंकना शुरू कर दिया. महिला ने कुत्ते से दूरी बनाने की कोशिश की, लेकिन तभी अचानक कई कुत्ते एक साथ उनकी ओर दौड़ पड़े.
कुत्तों के झुंड को अपनी ओर आता देख महिला घबरा गईं और खुद को बचाने के लिए भागने लगीं. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ीं. जैसे ही वह जमीन पर गिरीं, कुत्तों का झुंड उन पर टूट पड़ा और उनके पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों में काट लिया. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राहगीरों ने तुरंत पत्थर उठाकर कुत्तों की ओर फेंके, जिसके बाद कुत्तों का झुंड वहां से भागा. लोगों ने किसी तरह महिला को उठाया और उन्हें तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया. हमले में महिला के शरीर से काफी खून बह गया था, जिसके बाद डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया.
घटना का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि महिला पर कुत्तों का झुंड किस तरह हमला करता है और बाद में लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़ते हैं.
उमेश रेवलिया