प्रयागराज महाकुंभ मेले के दौरान सुर्खियों में आई युवती को लेकर फिर सनसनीखेज वीडियो सामने आया है. वायरल गर्ल के पति फरमान ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर दावा किया कि वह भाग गई. वायरल गर्ल की मां ने आरोप लगाया है कि बेटी को फरमान ने ही गायब किया है. ये सोची समझी साजिश है.
वीडियो में फरमान कहता नजर आया, ''मैं अजमेर पुष्कर आया हुआ हूं, मैं उसे (वायरल गर्ल) ढूंढने आया हूं. सो फ्रेंड्स उसका अजमेर में पता नहीं लग पाया. मैं जोधपुर जा रहा हूं. पता करेंगे. जोधपुर में हॉल्ट है तो आप किसी को पता चले तो मुझे बताएं.''
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद युवती के गृहनगर महेश्वर में फिर हड़कंप मच गया है. हालांकि, फरमान के वायरल वीडियो की पुष्टि 'आजतक' नहीं करता.
सिर्फ एक बार कराई थी बात
युवती की मां ने बताया, ''15 से 20 दिन पहले फरमान ने हमारी थोड़ी सी बात कराई थी. इसके बाद ना तो बेटी को फोन लगता है और ना ही फरमान बात कराता है.''
यही बड़ी मम्मी ने कही. उनका कहना है कि बेटी से कुछ देर बात कराई और उसके बाद उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया.
क्यों खामोश है पुलिस?
युवती का मामला तीन स्टेट (मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और केरल) के बीच है और सुर्खियों में है. जब फरमान के खिलाफ FIR दर्ज हुई तो खरगोन पुलिस ने चुप्पी साध ली.
आरोपी फरमान के खिलाफ एफआईआर के मामले में जब महेश्वर थाना इंचार्ज जगदीश गोयल से पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ''मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है.''
वहीं दूसरी ओर, मंडलेश्वर SDOP श्वेता शुक्ला का कहना है कि इस मामले में वरिष्ठ अधिकारी ही कुछ कह सकते हैं.
वहीं, एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल का कहना था कि मामला युवती के नाबालिग होने का है, इसलिए एसपी साहब ही कुछ बता पाएंगे.
जब इस मामले में खरगोन एसपी रवींद्र वर्मा से जानना चाहा तो उन्होंने चार-चार बार कॉल करने के बाद भी ना तो कॉल रिसीव किया और ना ही कोई जवाब देना मुनासिब समझा.
उमेश रेवलिया