फर्जी बैनामा, डेथ सर्टिफिकेट और कब्जा... ग्वालियर में कैसे हड़प लिया 62 लाख का प्लॉट, चौंका देगी ये कहानी

सोचिए, कोई व्यक्ति जिंदा हो और कागजों में उसे मृत घोषित कर दिया जाए. ग्वालियर में ऐसा ही चौंका देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक फैक्ट्री संचालक को 'मृत' दिखाकर उसकी 62 लाख रुपये से ज्यादा की जमीन हड़प ली गई. आरोपियों ने फर्जी वसीयत, नकली दस्तावेज और यहां तक कि डेथ सर्टिफिकेट तक तैयार कर पूरा खेल रच डाला.

Advertisement
पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस अफसरों से की शिकायत. (Photo: Screengrab) पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस अफसरों से की शिकायत. (Photo: Screengrab)

सर्वेश पुरोहित

  • ग्वालियर,
  • 20 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:12 AM IST

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से फर्जीवाड़े का चौंका देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक फैक्ट्री संचालक को कागजों में मृत घोषित कर उसकी करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश रची गई. आरोपी इतने शातिर थे कि उन्होंने फर्जी वसीयत से लेकर डेथ सर्टिफिकेट तक तैयार करा लिया.

ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने हर किसी को चौंका दिया. फरियादी प्रेम कुमार, जो पहले ग्वालियर के गांधी नगर क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते थे, वर्तमान में हरियाणा में रह रहे थे.

Advertisement

जब उन्हें अपनी संपत्ति को लेकर गड़बड़ी की जानकारी मिली तो वे तुरंत ग्वालियर पहुंचे. यहां आकर उन्होंने पुलिस को बताया कि वे जीवित हैं, लेकिन कागजों में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है.

प्रेम कुमार एक फैक्ट्री संचालक हैं, जिनकी 'यूनिवर्सल ऑटो' नाम से फैक्ट्री औद्योगिक क्षेत्र बिरला नगर में संचालित थी. वे ऑटो पार्ट्स सप्लाई करते थे. उनकी पारिवारिक स्थिति भी सामान्य है. उनकी एक बेटी लंदन और दूसरी गुरुग्राम में रहती है.

62 लाख के प्लॉट पर नजर

दरअसल, प्रेम कुमार का एक प्लॉट ट्रांसपोर्ट नगर न्यू लोहा मंडी क्षेत्र में स्थित है, जिसकी वर्तमान कीमत करीब 62 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है. इसी प्लॉट के लालच में आरोपियों ने पूरी साजिश रची.

यह भी पढ़ें: अतीक अहमद का सताया परिवार: श्वेता शर्मा और पति मोहसिन परवेज की कहानी, कैसे माफिया ने हड़प ली जमीन

Advertisement

आरोप है कि सुभाषचंद्र खुशीरमानी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले प्रेम कुमार की फर्जी वसीयत तैयार कराई. इस वसीयत को नोटरी के जरिए प्रमाणित भी कराया गया. हैरानी की बात यह है कि वसीयत में प्रेम कुमार की फोटो लगाकर उसे अटेस्ट भी करा लिया गया.

इसके बाद आरोपियों ने एक कदम और आगे बढ़ते हुए प्रेम कुमार का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवा लिया. इस आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉट का बैनामा करा लिया गया.

जब 'मृत' व्यक्ति खुद पहुंचा थाने

जब प्रेम कुमार विश्वविद्यालय थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि वे जिंदा हैं. उनके साथ धोखाधड़ी हुई है. प्रेम कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी संपत्ति हड़पने के इरादे से उन्हें कागजों में मृत दिखाया गया और पूरी योजना के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए.

इन आरोपियों पर केस दर्ज

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुभाषचंद्र खुशीरमानी, शकुंतला खुशीरमानी, हरीश कुमार, जगदीश कुशवाह और योगेश पाल सहित कुल छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

CSP रोबिन जैन के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है. पुलिस दस्तावेज तैयार करने से लेकर नोटरी और अन्य प्रक्रियाओं में शामिल लोगों की भी जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement