बांदा में 48 डिग्री पारा, गर्मी में क्यों आग की भट्ठी बनी बुंदेलखंड की धरती, सामने आई वजह!

Heatwave in UP: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में भीषण गर्मी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है और मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट के बाद रेड अलर्ट जारी किया है. आइए जानते हैं बांदा में गर्मी के बढ़ने के मुख्य कारण क्या हैं.

Advertisement
आसमान में बादल नदारद, सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर (फाइल फोटो- ITG) आसमान में बादल नदारद, सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर (फाइल फोटो- ITG)

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:09 PM IST

उत्तर प्रदेश का बुंदेलखंड क्षेत्र इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. आसमान से आग बरस रही है और धरती तप रही है. बांदा का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है. मौसम विभाग (IMD) ने पहले ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, अब रेड अलर्ट जारी कर दिया है. लगातार कई दिनों से बांदा पूरे देश में सबसे गर्म जिला बना हुआ है. भीषण गर्मी के प्रकोप से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है.

Advertisement

बांदा में क्यों बढ़ रही गर्मी?
बांदा कृषि विश्वविद्यालय के प्रभारी मौसम विभाग डॉक्टर दिनेश शाह ने इंडिया टुडे से खास बातचीत में बताया कि बांदा में गर्मी बढ़ने के कई लोकल और प्राकृतिक कारण हैं. जिला कर्क रेखा (Tropic of Cancer) के बेहद करीब होने के कारण सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं. आसमान में बादल नदारद हैं, जिससे सूर्य की किरणों को कोई रोक-टोक नहीं मिल रही. 

सबसे बड़ा कारण वन क्षेत्र का भारी कटान है. डॉ. शाह के अनुसार, आदर्श स्थिति में पेड़-पौधों का क्षेत्रफल 22-33 प्रतिशत होना चाहिए, लेकिन यहां मात्र 11-12 प्रतिशत ही शेष बचा है. पेड़ों की कमी से सीधी धूप जमीन को तपा रही है. 

भीषण गर्मी बच्चों के लिए खतरनाक, ये लक्षण दिखें तो तुरंत हो जाएं सावधान!
 

इसके अलावा नदियों में पानी का अभाव, मोरंग क्षेत्र में हो रहा खनन, धूलकणों की अधिकता और उत्तर-पश्चिम की पछुवा हवाएं भी गर्मी बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभा रही हैं. सूखी नदियों और खनन वाले क्षेत्रों से सूर्य की किरणों का रिफ्लेक्शन (परावर्तन) हो रहा है, जिससे बैक रेडिएशन बढ़ गया है. ऊपर से सूर्य की आग और नीचे से गर्मी का उबाल, दोनों का मिला-जुला असर गर्मी को और बढ़ा रहा है.

Advertisement

उफ्फ इतनी गर्मी! दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 40 यूपी के, अब रेड अलर्ट
 

तापमान का बढ़ता ग्राफ
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 10 दिनों में तापमान में लगातार उछाल आया है. 

  • 10 मई: लगभग 46 डिग्री था  कुछ दिनों बाद 47 डिग्री हो गया
  • 14 मई: हल्की बारिश से थोड़ी गिरावट आई तो 41 डिग्री के आसपास रहा
  • 17 मई: तेजी से तापमान में बढ़ोतरी हुई 
  • 18 मई: 47 डिग्री पार पहुंचा तापमान
  • 19 मई: 48 डिग्री से ऊपर 

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार गर्मी सामान्य से कहीं ज्यादा है. पेड़ों की कटान, नदियों का सूखना, खनन गतिविधियां और पछुवा हवाएं मिलकर तापमान को बढ़ा रही हैं.

हाय... गर्मी ने जला डाला, कहां तक जाएगा पारा? पूरे हफ्ते नहीं राहत
 

प्रशासन अलर्ट, कूलिंग सेंटर एक्टिव
जिला प्रशासन भीषण गर्मी को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है. एडीएम कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि पूरे जिले में कूलिंग पॉइंट और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है. ब्लॉक स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक जगह-जगह ये केंद्र बनाए गए हैं. सभी सरकारी अस्पतालों (CHC और PHC) को अलर्ट कर दिया गया है और वहां भी कूलिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं. स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.

Advertisement

प्रशासन ने जनता से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें. जारी की गई एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें. एडीएम ने बताया कि इस बार पिछले साल की तुलना में तापमान काफी अधिक है. देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है, जिसका एक बड़ा कारण सुपर अल नीनो का प्रभाव माना जा रहा है. दूरगामी समाधान के लिए वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं.

46 डिग्री पारा! राजस्थान में चिलचिलाती गर्मी, ट्रैफिक सिग्नल पर लगाए गए टेंट
 

भीषण गर्मी से बचाव के लिए प्रशासन की तैयारियां जारी हैं, लेकिन राहत अभी दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है. लोगों से अपील है कि वे पर्याप्त पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और लू से बचने के उपाय अपनाएं.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »