मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 'किसान महाचौपाल' के जरिए कांग्रेस ने मिशन 2026 और किसान राजनीति का शंखनाद कर दिया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'डरपोक प्रधानमंत्री' बताते हुए कहा कि वे विपक्ष से आंख नहीं मिला पाते और विदेशी दबाव में देश के अन्नदाताओं के हितों की बलि चढ़ा रहे हैं. इसके साथ ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी जमकर निशाना साधा.
खड़गे ने पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुए कहा, ''शिवराज जी जब सीएम थे, तो कहते थे मैं किसान हूं, ऐसी योजना लाया, वैसी योजना लाया हूं. सीएम रहते आप कुछ लाए होंगे और कुछ खाए भी होंगे, लेकिन अब दिल्ली जाने के बाद आपकी जुबान क्यों नहीं खुलती है?
कांग्रेस ने आगे कहा, ''मोदी ने आपको भोपाल से भगाकर दिल्ली बुला लिया. वहां आप मोदी के सामने झुक गए हैं. खैर जिसे झुकने की आदत हो, उसे झुकने दो.''
घटिया सामान भारत में बेचेगा अमेरिका
खड़गे ने अमेरिका के साथ हुई व्यापारिक संधि को लेकर मोदी सरकार को यह कहकर घेरा, ''अब अमेरिका अपने घटिया सामान भारत में लाकर सस्ते में बेचेगा, जिससे हमारे किसानों की पैदावार और दाम खत्म हो जाएंगे. ट्रंप के एक आदेश पर मोदी ने रूस और ईरान से सस्ता तेल खरीदना बंद कर दिया.मोदी देश के किसानों के साथ नहीं, बल्कि ट्रंप के साथ खड़े हैं."
मनरेगा और संविधान बचाने की लड़ाई
कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ किया कि पार्टी मनरेगा और लोकतंत्र को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है. मोदी को मनरेगा योजना बहाल करनी पड़ेगी. नया कानून गरीबों के लिए नुकसानदेह है. हमें ऐसी ट्रेड डील मंजूर नहीं जो देश की संप्रभुता और ऊर्जा सुरक्षा से खिलवाड़ करे.हम आत्मनिर्भर रहना चाहते हैं.
खड़गे के भाषण की मुख्य बातें:-
"मैंने 60 साल की सियासत में ऐसा पीएम नहीं देखा जो विपक्ष से आंख नहीं मिला पाता और एक प्रेस कॉन्फ्रेंस तक नहीं कर पाता."
"कांग्रेस ने अंग्रेजों को भगाकर आजादी ली, जबकि बीजेपी के पुरखे उस समय माफीनामा लिख रहे थे."
"कांग्रेस कभी किसी की जान नहीं लेती.हमारे पास बीजेपी की तरह कोई 'गोडसे' नहीं है, हमारे पास 'गांधी' है."
"मोदी और ट्रंप चाय पर क्या देश और किसानों को बेचने की बात करते थे?"
"यूथ कांग्रेस ने मोदी के सामने जाकर बताया कि किसान परेशान हैं और युवा बेरोजगार, लेकिन सरकार ने इसे देश का अपमान कह दिया."
aajtak.in