scorecardresearch
 

राजस्थान घूमने आई रोमानियाई महिला टूरिस्ट की हार्टअटैक से मौत! होटल में बिगड़ी थी तबीयत

राजस्थान के मंडावा घूमने आई रोमानिया की 30 वर्षीय महिला पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. 4 नवंबर को 30 सदस्यीय ग्रुप के साथ भारत पहुंची करीना को सांस लेने में परेशानी हुई थी. दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती आशंका हार्टअटैक की है. पुलिस होटल में खाने और यात्रा से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.

Advertisement
X
30 सदस्यीय ग्रुप के साथ पहुंची थी भारत.(Photo: Screengrab)
30 सदस्यीय ग्रुप के साथ पहुंची थी भारत.(Photo: Screengrab)

राजस्थान के झुंझुनू जिले के पर्यटन स्थल मंडावा घूमने आई रोमानिया की 30 वर्षीय महिला पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला की पहचान करीना इएकैप के रूप में हुई है. वह 30 सदस्यीय विदेशी पर्यटकों के दल के साथ 4 नवंबर को भारत आई थी. शनिवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी. इसके बाद उसके दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

नवलगढ़ के डीएसपी सुगन सिंह के मुताबिक, विदेशी पर्यटकों का यह दल शुक्रवार रात चूड़ी अजितगढ़ स्थित विवाना होटल में ठहरा था. शनिवार सुबह करीब 9 बजे करीना ने अपने साथियों को बताया कि उसकी तबीयत खराब हो रही है. उसे सांस लेने में काफी दिक्कत महसूस हो रही थी. इसके बाद दोस्तों ने होटल स्टाफ को इसकी जानकारी दी और बिना देरी किए उसे मुकुंदगढ़ के अस्पताल लेकर पहुंचे.

यह भी पढ़ें: पत्नी की हत्या कर दी, हाथ बांधे और संदूक में भर दी लाश... राजस्थान के झुंझुनूं की खौफनाक कहानी

अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया. यहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल के अनुसार, जब करीना को वहां लाया गया, तब वह बेसुध थी. शुरुआती तौर पर हार्टअटैक के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

Advertisement

4 नवंबर को 30 सदस्यीय पर्यटक दल के साथ आई थी भारत

पुलिस के अनुसार, करीना इएकैप 30 सदस्यीय विदेशी पर्यटकों के समूह के साथ 4 नवंबर को भारत पहुंची थी. यह दल राजस्थान के पर्यटन स्थलों की यात्रा पर आया हुआ था. मंडावा क्षेत्र में घूमने के दौरान सभी सदस्य चूड़ी अजितगढ़ के विवाना होटल में रुके थे. महिला की अचानक मौत के बाद पुलिस ने समूह के अन्य सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है.

अधिकारियों की टीम होटल और इस घटना से जुड़े अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी तो नहीं थी और अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने के पीछे क्या वजह रही.

होटल में रात के खाने और यात्रा का भी जुटाया जा रहा ब्योरा

पुलिस पर्यटक दल की पिछले दिनों की यात्रा का पूरा ब्योरा खंगाल रही है. अधिकारी यह जानकारी भी जुटा रहे हैं कि समूह के सदस्य कहां-कहां गए थे और शुक्रवार रात विवाना होटल में उन्होंने क्या खाना खाया था. इसके लिए होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. मेडिकल रिपोर्ट और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल हार्टअटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की असली वजह जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement