बदलती लाइफस्टाइल के साथ हेल्थ और फिटनेस से जुड़े नए-नए ट्रेंड सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. हाल ही में फिटनेस फ्रीक्स और जिम जाने वालों के बीच 'प्रोफी' (Proffee) शब्द खूब सुर्खियां बटोर रहा है. प्रोफी का सीधा सा मतलब है 'प्रोटीन + कॉफी'. यानी जब आप अपनी रेगुलर ब्लैक या कोल्ड कॉफी में प्रोटीन पाउडर या रेडी-टू-ड्रिंक प्रोटीन शेक मिला देते हैं तो वह प्रोफी बन जाती है. यह ड्रिंक उन वर्किंग प्रोफेशनल्स और एथलीट्स के लिए बेस्ट ऑप्शंस बन चुकी है जिनके पास सुबह के वक्त समय की कमी होती है. इसे एक बेहतरीन प्री-वर्कआउट और मील रिप्लेसमेंट ड्रिंक माना जा रहा है जो शरीर को तुरंत एनर्जी देने के साथ मसल्स रिकवरी में भी मदद कर सकती है.
वजन घटाने में कैसे मददगार है प्रोटीन कॉफी?
वजन कंट्रोल करने के लिए प्रोफी को एक जादुई ड्रिंक की तरह देखा जा रहा है. हेल्थलाइन से बातचीत में डाइटिशियन नोआ क्युजादा ने बताया कि कॉफी में मौजूद कैफीन आपके मेटाबॉलिज्म रेट को बढ़ाता है जिससे शरीर तेजी से कैलोरी बर्न करता है. वहीं दूसरी तरफ प्रोटीन आपकी भूख को कम करता है यानी पेट को भरा महसूस कराता है.
जब आप सुबह इसे पीते हैं तो आपको लंबे समय तक भूख नहीं लगती जिससे आप दिनभर में ओवरईटिंग या अनहेल्दी स्नैक्स खाने से बच जाते हैं. हालांकि, एक्सपर्ट्स यह भी चेतावनी देते हैं कि प्रोफी कोई जादूई वेट-लॉस ड्रिंक नहीं है. यह केवल तभी असर दिखाएगी जब आप एक बैलेंस डाइट और रेगुलर एक्सरसाइज रूटीन को फॉलो करेंगे.
किसे पीना चाहिए और किसे दूरी बनानी चाहिए?
प्रोफी उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद है जो सुबह जल्दी वर्कआउट करते हैं या जिन्हें दिनभर में अपना डेली प्रोटीन इंटेक पूरा करने में परेशानी होती है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इसे हर कोई बिना सोचे-समझे पीना शुरू कर दे.
WebMD के मुताबिक, प्रोटीन और कैफीन का यह कॉम्बिनेशन बहुत ज्यादा मात्रा में लेने से कुछ साइड इफेक्ट्स भी हो सकते हैं. यदि आप दिन में कई बार प्रोफी पीते हैं तो कैफीन की ओवरडोज से नींद न आना, घबराहट और एंग्जायटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
प्रोफी बनाने का सही तरीका
प्रोफी बनाना बेहद आसान है. आप अपनी पसंद की एस्प्रेसो या ब्रूड कॉफी (गर्म या ठंडी) तैयार करें और उसमें अपनी पसंद का प्रोटीन पाउडर (जैसे व्हे या प्लांट-बेस्ड प्रोटीन) डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. लेकिन इसे हेल्दी बनाए रखने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. मार्केट में मिलने वाले कई प्रोटीन पाउडर्स में भारी मात्रा में एडेड शुगर और आर्टिफिशियल स्वीटनर्स होते हैं. यदि आप इसमें ऊपर से एक्स्ट्रा शुगर, हैवी क्रीम या कैरामेल सिरप मिलाते हैं तो इसकी कैलोरी बहुत ज्यादा बढ़ जाएगी और वेट लॉस की जगह आपका वजन बढ़ सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क