अक्सर माना जाता रहा है कि सांप अकेले रहने वाले जीव हैं जो किसी से मेल-जोल पसंद नहीं करते और इसलिए वो अधिकतर अकेले ही देखे जाते हैं. लेकिन कुछ रिसर्च में दावा किया गया है कि सांपों की कुछ प्रजातियां बेहद सोशल होती हैं. ये न सिर्फ एक-दूसरे के साथ रहना पसंद करती हैं बल्कि आपस में दोस्ती भी करती हैं और बाकायदा अपना ग्रुप यानी सोशल नेटवर्क बनाती हैं. यदि आपको इन प्रजातियों में से कोई एक सांप दिखे तो पूरी संभावना है कि उसके बाकी साथी भी आसपास ही कहीं छिपे हुए हो सकते हैं. वो सांपों की प्रजातियां कौन सी हैं, इस बारे में जान लीजिए.
गार्टर स्नेक्स (Garter Snakes)
सांपों के सामाजिक व्यवहार पर हुई रिसर्च में गार्टर स्नेक्स को लेकर कहा गया है कि ये सांप कम्युनिटी बनाकर रहते हैं जिसमें उम्रदराज मादा सांप लीडर की भूमिका निभाती है और पूरे ग्रुप को गाइड करती है. लैब टेस्ट में देखा गया कि युवा गार्टर स्नेक्स अकेले रहने के बजाय उन जगहों को चुनते हैं जहां पहले से दूसरे सांप मौजूद हों.
वैज्ञानिकों के मुताबिक, ये सांप ग्रुप के कुछ खास सदस्यों को ज्यादा पसंद करते हैं जिन्हें इंसानी भाषा में 'दोस्त' कहा जा सकता है. ग्रुप में रहने से इन्हें शिकारियों से बचने, शरीर का तापमान सही रखने और सुरक्षित ठिकानों को खोजने में मदद मिलती है.
रैटलस्नेक्स (Rattlesnakes)
नॉर्थ अमेरिका में पाए जाने वाले रैटलस्नेक्स भी काफी सोशल होते हैं. वेस्टर्न डायमंडबैक रैटलस्नेक्स अक्सर उन्हीं सांपों के साथ इंटरैक्ट करते हैं जो उनके ग्रुप का हिस्सा होते हैं, भले ही आसपास दूसरी कम्युनिटी के सांप मौजूद हों.
टिम्बर रैटलस्नेक्स में जेनेटिकली एक अनोखा बॉन्ड देखा गया है. ये सांप सालों तक अलग रहने के बाद भी अपने रिश्तेदारों को पहचान लेते हैं और सर्दियों में उन्हीं के साथ हाइबरनेट (शीतनिद्रा) करना पसंद करते हैं. इसलिए यदि कहीं एक रैटलस्नेक्स धूप सेकता दिखे तो सावधान हो जाएं, उसके साथी आसपास ही हो सकते हैं.
मैनीटोबा और अन्य प्रजातियां (Manitoba and Other Species)
कनाडा के मैनीटोबा में हर साल एक अद्भुत नजारा देखने को मिलता है. यहां रेड-साइडेड गार्टर स्नेक्स एक ही जगह पर करीब 10,000 की संख्या में इकट्ठा होते हैं. यह दुनिया में सांपों का सबसे बड़ा जमावड़ा माना जाता है.
रिसर्च बताती है कि ये सांप हर साल उसी गुफा या ठिकाने पर लौटते हैं जिससे साफ है कि ये अपने पुराने साथियों को पहचानते हैं. इसके अलावा कॉटनमाउथ स्नेक्स को भी जोड़ों में शिकार करते और लंबे समय तक साथ रहते देखा गया है, जबकि बॉल पायथन्स लैब में उपलब्ध खाली स्पेस को छोड़कर एक ही शेल्टर में एक-दूसरे से चिपककर रहना पसंद करते हैं. एक्सपर्ट्स का मानना है कि सांपों का यह सोशल व्यवहार किसी एक प्रजाति तक सीमित नहीं है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क