इन दिनों भारत के ज्यादातर इलाकों में तेज गर्मी पड़ रही है. आसमान से बरसती आग, गर्म हवाओं और लू ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है. इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन और सनस्ट्रोक का कारण बन सकती है. ऐसे में शरीर को भीतर से हाइड्रेटेड और एनर्जेटिक रखने के लिए हमारी पुदीना-नींबू शिकंजी से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता.
नींबू में मौजूद विटामिन-C और पुदीने के एंटीऑक्सीडेंट्स न सिर्फ डाइजेशन को दुरुस्त रखते हैं, बल्कि तपती धूप से आने के बाद शरीर को तुरंत ताजगी और इलेक्ट्रोलाइट्स भी प्रदान करते हैं. वहीं, इसमें मिलाया गया भुना जीरा और काला नमक जैसी चीजें गर्मी में पाचन को बेहतर बनाए रखती हैं. इसलिए यह मसाला नींबू शिकंजी आपके लिए हर लिहाज से फायदेमंद है. यहां हम आपको इसकी रेसिपी बता रहे हैं.
पुदीना-नींबू शिकंजी की रेसिपी के लिए सामाग्री
नींबू का रस: 2 बड़े चम्मच (लगभग 2 नींबू)
ताजा पुदीना पत्तियां: 15-20
चीनी या पिसी हुई मिश्री: 3-4 चम्मच (स्वादानुसार)
काला नमक: ½ छोटा चम्मच
भुना हुआ जीरा पाउडर: ½ छोटा चम्मच
चाट मसाला या शिकंजी मसाला: ¼ छोटा चम्मच
सफेद नमक: एक चुटकी
ठंडा पानी: 2 कप
बर्फ के टुकड़े: आवश्यकतानुसार
बनाने की आसान विधि
एक ओखली या अदरक कूटने वाले में ताजी पुदीने की पत्तियां और थोड़ी सी चीनी डालकर हल्का सा कूट लें. ऐसा करने से पुदीने के नेचुरल ऑयल्स रिलीज होते हैं, जिससे शिकंजी में बहुत लाजवाब खुशबू और फ्लेवर आता है.
अब एक बड़े जग या ब्लेंडर में यह क्रश किया हुआ पुदीना, नींबू का रस, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, चाट मसाला, बाकी बची हुई चीनी और एक चुटकी सफेद नमक डालें.
इस मिश्रण में 2 कप एकदम ठंडा पानी डालें. चीनी और सारे मसाले पूरी तरह घुलने तक इसे अच्छी तरह से चम्मच से चलाएं या शेक करें.
तैयार शिकंजी को सर्विंग गिलासों में छान लें.अगर पुदीने के पत्ते मुंह में आना पसंद हो, तो बिना छाने भी सर्व कर सकते हैं). ऊपर से ढेर सारे आइस क्यूब्स, नींबू के स्लाइस और पुदीने की ताजी पत्तियों से गार्निश करके एकदम ठंडा-ठंडा परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क