Vaghareli Rotli Recipe: बची हुई रोटियों से बनाएं गुजराती स्टाइल रोटी का पोहा, इसका चटपटा स्वाद सबको आएगा पसंद

Vaghareli Rotli Recipe: रात की बची हुई रोटियों को फेंकने के बजाय उनसे बनाएं गुजराती स्टाइल रोटी का पोहा. राई, जीरा और मसालों के तड़के से तैयार यह डिश खाने में बेहद टेस्टी और हल्की कुरकुरी होती है. इसे आप सुबह के नाश्ते या शाम की चाय के साथ मिनटों में बनाकर सर्व कर सकते हैं.

Advertisement
 गुजराती स्टाइल रोटी का पोहा (Photo- ITG) गुजराती स्टाइल रोटी का पोहा (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:16 AM IST

Vaghareli Rotli Recipe: अक्सर घरों में रात की रोटियां बच जाती हैं, जिन्हें अगले दिन खाने का मन नहीं करता. ऐसे में ज्यादातर लोग उन्हें फेंक देते हैं, बेमन से खा लेते हैं या जानवरों को खिला देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बची हुई रोटियों से कई टेस्टी डिश तैयार कि जा सकती है. इन्हीं में से एक है गुजराती स्टाइल रोटी का पोहा, जिसे वाघरेली रोटली (Vaghareli Rotli) भी कहा जाता है.

Advertisement

राई, जीरा, करी पत्ता और मसालों का तड़का इसके स्वाद को खास बना देता है. बाहर से हल्की कुरकुरी और मसालों से भरपूर यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आती है. आप इसे सुबह के नाश्ते के अलावा शाम की चाय के साथ भी सर्व कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं बची हुई रोटियों से गुजराती स्टाइल रोटी का पोहा बनाने की आसान रेसिपी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

2 कप बची हुई रोटियां (छोटे टुकड़ों में कटी हुई)
1/4 छोटी चम्मच राई
1/4 छोटी चम्मच जीरा
1 डंठल करी पत्ता
1/2 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/4 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर
1/4 छोटी चम्मच हींग
1 छोटी चम्मच तेल और स्वादानुसार नमक

बची हुई रोटी से पोहा बनाएं कैसे?

  1. बची हुई रोटी से पोहा बनाने के लिए सबसे पहले बची हुई रोटियों को छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें. आप चाहें तो हाथों से भी रोटियों को तोड़ सकते हैं.
  2. अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें राई और जीरा डालकर चटकने दें. इसके बाद करी पत्ता, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और हींग डालें. सभी चीजों को कुछ सेकंड तक अच्छी तरह मिला लें.
  3. अब इसमें कटे हुए रोटी के टुकड़े डालें और मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाएं. आंच धीमी रखें और बीच-बीच में चलाते हुए रोटियों को हल्का कुरकुरा होने तक भूनें. स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
  4. जब रोटियां हल्की कुरकुरी हो जाएं तो गैस बंद कर दें. तैयार है आपका गुजराती स्टाइल रोटी का पोहा. इसे गरमागरम अदरक वाली चाय के साथ परोसें.
  5. अगर आप रोटी के पोहे का स्वाद और बढ़ाना चाहते हैं तो इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर और खीरा भी डाल सकते हैं. ऊपर से थोड़ी सेव डालने से इसका स्वाद और भी अच्छा हो जाता है. इस तरह बची हुई रोटियों से आप घर पर झटपट एक नया और टेस्टी नाश्ता तैयार कर सकते हैं.
---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »