Homemade Kuttu Atta: व्रत में इस ट्रिक से घर पर बनाएं शुद्ध कुट्टू का आटा, मिलेगा गजब का स्वाद और सेहत रहेगी बेहतर
Homemade Kuttu Atta: व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बनी रोटी, पूरी और पकौड़ी सबसे ज्यादा पसंद की जाती हैं. इसके लिए लोग मार्केट से कुट्टू का आटा खरीदते हैं. लेकिन आज हम आपको घर पर आसानी से कुट्टू का शुद्ध आटा बनाना बताएंगे.
Advertisement
व्रत में घर पर बनाएं 100% शुद्ध कुट्टू का आटा (Photo-ITG)
Homemade Kuttu Atta: सावन और नवरात्रि जैसे व्रतों में कुट्टू के आटे से बनी रोटी, पूरी, पराठा और पकौड़ी खूब खाए जाते हैं. ज्यादातर लोग इसके लिए बाजार से कुट्टू का आटा खरीदते हैं लेकिन कई बार मिलावट या खराब क्वालिटी का आटा सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है. ऐसे में अगर आप शुद्ध और ताजा कुट्टू का आटा इस्तेमाल करना चाहते हैं तो इसे घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं घर पर कुट्टू का आटा कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
घर पर कुट्टू का आटा कैसे बनाएं?
Advertisement
कुट्टू का आटा बनाने के लिए क्या चाहिए?
1 कप साबुत कुट्टू (बकव्हीट) के दाने
घर पर कैसे बनाएं कुट्टू का आटा?
घर पर कुट्टू का आटा बनाने के लिए सबसे पहले कुट्टू के दानों को अच्छी तरह साफ कर लें और उनमें मौजूद कंकड़ या अन्य अशुद्धियां निकाल दें.
अगर जरूरत महसूस हो तो दानों को हल्के पानी से धो लें. इसके बाद इन्हें पूरी तरह सूखने दें. गीले दानों को पीसने से आटा खराब हो सकता है.
अब एक सूखी कड़ाही में मीडियम गैस पर कुट्टू के दानों को 3 से 5 मिनट तक हल्का भून लें. इससे नमी निकल जाती है और आटे का स्वाद भी बेहतर हो जाता है. ध्यान रखें कि दानों को ज्यादा न भूनें, वरना आटे का स्वाद कड़वा हो सकता है.
अगर आप व्रत में बिना भुने कुट्टू का आटा पसंद करते हैं तो इस स्टेप को छोड़ सकते हैं. बस दानों का पूरी तरह सूखा होना जरूरी है.
अब ठंडे हो चुके दानों को मिक्सर या ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें.
तैयार आटे को महीन छलनी से छान लें. जो मोटा हिस्सा बच जाए, उसे दोबारा पीसकर फिर से छान लें.
तैयार कुट्टू के आटे को एयरटाइट डिब्बे में भरकर ठंडी और सूखी जगह पर रखें. अगर मौसम ज्यादा गर्म या नमी वाला हो तो इसे फ्रिज में स्टोर करना बेहतर रहेगा. इस आटे से आप व्रत के लिए रोटी, पूरी, पराठा, पकौड़ी और कई दूसरी टेस्टी चीजें आसानी से बना सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क