Multigrain Bread Recipe: बाजार का चक्कर छोड़ें! घर पर बनाएं मल्टीग्रेन ब्रेड, मिलेगा बेहतर स्वाद और सेहत
Multigrain Bread Recipe: आज हम आपको घर पर मल्टीग्रेन आटे और सीड्स से मल्टीग्रेन ब्रेड बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे. यह ब्रेड बाजार में मिलने वाली ब्रेड की तुलना में ज्यादा टेस्टी और हेल्दी होती है. खास बात यह है कि इसे एक बार बनाकर आप 8-10 दिनों के लिए स्टोर भी कर सकते हैं.
Multigrain Bread Recipe: मल्टीग्रेन ब्रेड आम ब्रेड की तुलना में ज्यादा पौष्टिक मानी जाती है. इसमें मौजूद अलग-अलग अनाज और बीज शरीर को फाइबर, प्रोटीन, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्व प्रदान करते हैं. यह डाइजेशन सिस्टम को बेहतर बनाने, लंबे समय तक पेट भरा रखने और शरीर को एनर्जी देने में भी मदद करती है. बाजार में इसकी कई वैरायटी आसानी से मिल जाती हैं लेकिन घर पर बनी मल्टीग्रेन ब्रेड ज्यादा ताजा और हेल्दी होती है.
Advertisement
ऐसे में आज हम आपको घर पर स्वादिष्ट और पौष्टिक मल्टीग्रेन ब्रेड बनाने का आसान तरीका बताएंगे, जिसे एक बार बनाकर आप एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर 8-10 दिनों तक इस्तेमाल कर सकते हैं.
मल्टीग्रेन ब्रेड बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है?
1 कप मल्टीग्रेन आटा
2 चम्मच तिल
2 चम्मच अलसी के बीज
2 चम्मच कद्दू के बीज
2 चम्मच खसखस
2 चम्मच सनफ्लावर सीड्स (सूरजमुखी के बीज)
4 चम्मच ऑलिव ऑयल
1 चम्मच सूखी खमीर (यीस्ट)
1 छोटा चम्मच ब्राउन शुगर
नमक स्वादानुसार
जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी
मल्टीग्रेन ब्रेड बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में मल्टीग्रेन आटा, तिल, अलसी के बीज, कद्दू के बीज, खसखस और सूरजमुखी के बीज डालकर अच्छी तरह मिला लें.
अब एक अलग कटोरी में गुनगुने पानी में खमीर और ब्राउन शुगर मिलाएं. इसे 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें. जब मिश्रण झागदार हो जाए तो इसे आटे में डाल दें.
इसके बाद नमक और ऑलिव ऑयल मिलाकर सॉफ्ट आटा गूंथ लें. आटे पर थोड़ा ऑलिव ऑयल लगाकर ढक दें और लगभग 20 मिनट के लिए फूलने के लिए रख दें.
अब ओवन को पहले से 250 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें. एक बेकिंग ट्रे में थोड़ा बीज छिड़कें, उस पर तैयार आटा रखें और ऊपर से भी कुछ बीज डाल दें.
ब्रेड को लगभग 20 मिनट तक बेक करें. जब ब्रेड सुनहरी हो जाए तो इसे बाहर निकालकर ठंडा होने दें.
अब आपका हेल्दी और टेस्टी मल्टीग्रेन ब्रेड तैयार है. इसे आप चाय, कॉफी या अपनी पसंद के स्प्रेड के साथ परोस सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क