Soft Bajra Roti Tips: अब नहीं फटेगी बाजरे की रोटी, नरम बनाने के लिए अपनाएं ये देसी तरीका
Soft Bajra Roti Tips: बाजरे की रोटी सेहत के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है और सर्दियों में कई घरों में इसे खूब खाया जाता है. लेकिन कई बार इसे बनाते समय रोटी टूटने लगती है या फिर पकने के बाद बहुत सख्त हो जाती है. ऐसे में आज हम आपको बाजरे की नरम और टेस्टी रोटी बनाने के कुछ आसान देसी तरीके बताएंगे.
Soft Bajra Roti Tips: सर्दियों के मौसम में गरमा-गरम बाजरे की रोटी खाने का मजा ही अलग होता है. इसे गुड़, सफेद मक्खन, लहसुन की चटनी या सरसों के साग के साथ खाना कई लोगों को पसंद होता है. बाजरे की रोटी टेस्टी होने के साथ-साथ फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों का भी बेहतर सोर्स है. यही वजह है कि सर्दियों में इसे कई घरों में खाने में शामिल किया जाता है. लेकिन इसे बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता.
Advertisement
कई बार आटा गूंथते समय टूटने लगता है, रोटी बेलते समय किनारे फट जाते हैं और पकने के बाद रोटी काफी सख्त हो जाती है. ऐसे में अगर आप भी घर पर नरम और टेस्टी बाजरे की रोटी बनाना चाहते हैं तो आज हम आपको इसे बनाने का आसान तरीका बताएंगे.
सबसे पहले एक परात में बाजरे का आटा और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए आटा गूंथें. आटे को 4-5 मिनट तक अच्छी तरह मसलें, ताकि वह नरम और चिकना हो जाए. ध्यान रखें कि आटा बहुत सूखा या बहुत चिपचिपा नहीं होना चाहिए. अगर आटा दबाने पर फट रहा है तो थोड़ा पानी और मिला लें. इसके बाद आटे को ढककर 5 मिनट के लिए रख दें.
अब आटे की चार बराबर लोइयां बना लें और उन्हें ढककर रखें. एक लोई लें और उस पर थोड़ा सूखा बाजरे का आटा लगाएं. इसे साफ सतह या बटर पेपर पर रखकर उंगलियों की मदद से धीरे-धीरे थपथपाते हुए गोल आकार दें. रोटी को लगभग 6 इंच तक बड़ा कर सकते हैं. अगर किनारे फटने लगें तो उंगलियों से हल्के हाथों से दबाकर उन्हें ठीक कर लें. चाहें तो दो बटर पेपर के बीच रखकर भी रोटी को आकार दे सकते हैं.
अब तवे को मीडियम गैस पर गर्म करें और रोटी को सावधानी से तवे पर डालें. जब रोटी की ऊपरी सतह थोड़ी सूखी दिखने लगे तो उस पर थोड़ा पानी छिड़ककर फैला दें. लगभग 30 सेकंड बाद रोटी पलट दें. दूसरी तरफ हल्के भूरे निशान आने तक सेंकें और फिर दोबारा पलटें. अब कपड़े की मदद से किनारों को हल्के हाथों से दबाएं, ताकि रोटी अच्छी तरह पक जाए. चाहें तो आखिर में रोटी को गैस की आंच पर भी सेंक सकते हैं लेकिन ऐसा करते समय सावधानी बरतें.
रोटी अच्छी तरह सिक जाए तो इसे तवे से उतार लें और ऊपर से थोड़ा घी लगाएं. बाजरे की रोटी को सफेद मक्खन, गुड़, लहसुन की चटनी, बैंगन के भरते या दाल के साथ खा सकते हैं. छाछ के साथ भी इसका स्वाद अच्छा लगता है.
बाजरे की रोटी को नरम रखने के टिप्स
बाजरे की रोटी नरम बनाने के लिए ताजा आटा इस्तेमाल करें, क्योंकि पुराना आटा सूखा हो सकता है और उससे रोटी बनाते समय दरारें पड़ सकती हैं.
आटा गूंथते समय गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें और जरूरत के हिसाब से पानी थोड़ा-थोड़ा डालें.
रोटियां बनाने के बाद उन्हें साफ सूती कपड़े में लपेटकर या ढके हुए कैसरोल में रखें, ताकि वे जल्दी सख्त न हों.
दोबारा गर्म करते समय तवे पर थोड़ा-सा घी लगाकर सेंक सकते हैं.
शुरुआत में बाजरे की रोटी बनाने में परेशानी हो तो आटे में थोड़ा-सा गेहूं का आटा मिला सकते हैं. इससे आटा संभालना आसान हो सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क