Amla Dal Recipe: लंच में बनाएं खट्टी-चटपटी आंवला दाल, रोटी-चावल के साथ लगेगी बेहद टेस्टी
Amla Dal Recipe: अगर आप रोज की साधारण दाल खाकर बोर हो गए हैं और कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो आंवला दाल आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकती है. आज हम आपको खट्टी-चटपटी आंवला दाल बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Amla Dal Recipe: दाल भारतीय खाने का अहम हिस्सा है और ज्यादातर घरों में इसे रोजाना बनाया जाता है.लेकिन आप रोज की साधारण दाल से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो आंवला दाल बना सकते हैं. इसमें अरहर की दाल के साथ आंवला मिलाया जाता है, जिससे दाल का स्वाद हल्का खट्टा और चटपटा हो जाता है. यह दाल चावल और रोटी दोनों के साथ काफी टेस्टी लगती है और इसे बेहद आसानी से लंच या डिनर में तैयार कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं खट्टी-चटपटी आंवला दाल कैसे बनाई जाती है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
Advertisement
इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
¾ कप अरहर की दाल
5 आंवले
1 प्याज, बारीक कटा हुआ
3 हरी मिर्च
1 छोटी चम्मच हल्दी
2 कप पानी
स्वादानुसार नमक
तड़के के लिए
2 आंवले, बारीक कटे हुए
1 छोटी चम्मच राई
1 छोटी चम्मच जीरा
1 बड़े चम्मच लाल मिर्च पाउडर
2 कलियां लहसुन
2 सूखी लाल मिर्च
¼ छोटी चम्मच हींग
6-7 करी पत्ते
जरूरत के अनुसार तेल
सबसे पहले अरहर की दाल को धोकर लगभग 30 मिनट से 1 घंटे के लिए भिगोकर रख दें. इसके बाद कुकर में भीगी हुई दाल, आंवले, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हल्दी, पानी और थोड़ा नमक डालें. कुकर बंद करके 3 सीटी आने तक दाल पकाएं. गैस बंद करने के बाद कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें.
अब कुकर खोलकर आंवले निकाल लें और इन्हें थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद आंवले के बीज निकालकर गूदे को अलग रख लें. एक करछी की मदद से दाल को अच्छी तरह मैश कर लें और इसमें आंवले का गूदा मिला दें. अगर दाल ज्यादा गाढ़ी है तो इसमें जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डाल सकते हैं. स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
अब दाल के लिए तड़का तैयार करें. इसके लिए एक छोटी कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर राई डालें और इसे चटकने दें. इसके बाद जीरा, हींग, सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और बारीक कटा लहसुन डालें. लगभग 30 सेकंड तक भूनने के बाद इसमें कटे हुए आंवले डालें और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर डालकर कुछ सेकंड पकाएं.
अब तैयार तड़के को दाल में डालकर अच्छी तरह मिला दें. तैयार है आपकी खट्टी-चटपटी आंवला दाल. इसे आप गरमा-गरम चावल या रोटी के साथ सर्व कर सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क