How To Store Vegetables in Summers: गर्मियों में लोगों को धूप की तेज और तपती गर्मी के साथ ही घर की रसोई में खराब होते सामान भी बहुत परेशान करते हैं. दूध से लेकर पकी सब्जियां तक बढ़ते तापमान की वजह सड़ने लगती हैं. इन चीजों में आलू, टमाटर, अदरक जैसी कच्ची सब्जियां भी शामिल हैं. फिर चाहे उन्हें कितना भी फ्रिज में स्टोर कर लें वो 2-3 दिनों में ही खराब हो जाती हैं. ऐसे में ये कहना गलत नहीं है कि सबसे बड़ी परेशानी सिर्फ बढ़ती गर्मी नहीं होती, बल्कि रसोई में रखी सब्जियों को फ्रेश बनाए रखना भी होता है.
कई बार सुबह बाजार से लाई गई सब्जियां अगले ही दिन मुरझाई हुई और दो दिन में सड़ जाती हैं, जिसकी वजह से वो खाने लायक भी नहीं बचती हैं. ऐसे में न सिर्फ खाने का स्वाद खराब होता है, बल्कि पैसे की भी बर्बादी होती है. लेकिन अगर खरीदने और स्टोर करने का तरीका सही हो, तो सब्जियां लंबे समय तक फ्रेश और इस्तेमाल लायक बनी रह सकती हैं. आज हम आपको गर्मियों में सब्जियों को सड़ने से बचाने और लंबे समय तक फ्रेश बनाए रखने में मदद करने वाले टिप्स बताने वाले हैं.
जरूरत के हिसाब से ही खरीदें सब्जियां: सबसे पहली बात तो दिमाग में ये डाल लें कि गर्मी के मौसम में जितनी जरूरत हो उतनी ही सब्जियां खरीदें. एक साथ ज्यादा सब्जियां खरीदना सही नहीं होता है. खासतौर पर पुदीना, धनिया जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां जल्दी खराब हो जाती हैं. ऐसे में कोशिश करें कि हर बार जरूरत के हिसाब से ही सब्जियां खरीदें. वहीं लौकी, कद्दू और तोरई जैसी सब्जियां थोड़े ज्यादा दिनों तक सही रहती हैं.
प्लास्टिक बैग में भूलकर भी न रखें: अक्सर लोग बाजार से जिस प्लास्टिक की थैली में सब्जियां लाते हैं उसे ही फ्रिज में रख देते हैं. ये आपकी सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है और सब्जियों को जल्दी सड़ा देती है. प्लास्टिक में नमी जमा होने लगती है, जिससे सब्जियां गलने लगती हैं. इसलिए बेहतर होता है कि सब्जियों को बैग से निकालकर खुली हवा में थोड़ा सुखाएं और फिर स्टोर करें.
हरी सब्जियों को ऐसे रखें फ्रेश: अगर आप भी हरी पत्तेदार सब्जियों को धोकर स्टोर करते हैं तो उनका खराब होना तय है. इन्हें धोने की बजाय सूखे कपड़े या पेपर में लपेटकर रखना ज्यादा अच्छा माना जाता है. इससे उनमें एक्स्ट्रा नमी नहीं बनती और वे ज्यादा समय तक फ्रेश रहती हैं. साथ ही अगर आप इन्हें लंबे समय तक फ्रेश रखना चाहते हैं तो इन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखें.
हर सब्जी को फ्रिज में रखना जरूरी नहीं: कुछ लोग सभी सब्जियों को फ्रिज में रख देते हैं, लेकिन ऐसा करना सही नहीं होता. आलू, प्याज और टमाटर जैसी सब्जियां रूम टेंपरेचर पर ज्यादा अच्छी रहती हैं. इन्हें ठंडी और सूखी जगह पर रखना बेहतर माना जाता है.
खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान: जब भी हरी सब्जियां खरीदें, उनके पत्तों को ध्यान से देखें. अगर पत्ते पीले या मुरझाए हुए हैं, तो ऐसी सब्जियां जल्दी खराब हो सकती हैं. जब भी आप सब्जी खरीदें तो देखें की वो सिकुड़ी हुई न हो, ताकि वो लंबे समय तक चले.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क