गर्मी के मौसम में खाना खराब होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन कई बार ये चुपचाप खराब हो जाता है. क्या आपको भी लगता है कि खाना खराब होने पर हमेशा बदबू आती है? अगर हां, तो आप गलत हैं. आपने अगर कोई चीज सुबह बनाई है, तो इस बात की पूरी उम्मीद है कि वो दोपहर तक जाते-जाते खराब हो जाए वो भी बिना कोई बदबू छोड़े. जी हां, बहुत से फूड्स गर्मियों में बिना कोई सिग्नल दिए ही खराब हो जाते हैं और आप सारा दोष मौमस को देते हैं.
लेकिन ऐसा नहीं है. असली दिक्कत ये है कि कई फूड्स जो गर्मियों में बहुत जल्दी खराब हो जाते हैं. इनमें न कोई अजीब बदबू आती है, न सफेद फफूंदी दिखती और फिर भी ये आपकी सेहत बिगाड़ने के लिए काफी होते हैं. इसलिए जरूरी है कि हम उन चीजों को पहचानें जो गर्मियों में सबसे जल्दी खराब हो जाते हैं.
1. कटे हुए फल: अगर आपके घर में फल पूरा रखा है, तो वो कई दिनों तक सही रह सकता है, लेकिन जैसे ही आप उसे काटते हैं, उसकी नेचुरल प्रोटेक्टिव लेयर खत्म हो जाती है. कटे हुए फल हवा, बैक्टीरिया और नमी के सीधे संपर्क में आ जाते हैं, जिससे वो जल्दी ब्राउन, चिपचिपे या खट्टे हो जाते हैं. इसलिए तरबूज, आम, पपीता या अनानास जैसे फलों को काटने के बाद ज्यादा देर बाहर नहीं रखना चाहिए.
2. पके हुए चावल: इस लिस्ट में अगला नाम पके हुए चावलों का है. ये देखने में भले ही सूखे लगें, लेकिन ये बहुत जल्दी खराब होने वाले फूड्स में शामिल हैं. इनमें ऐसे बैक्टीरिया हो सकते हैं जो पकाने के बाद भी जिंदा रहते हैं और रूम टेंपरेचर पर तेजी से बढ़ते हैं. अगर चावल को लंबे समय तक बाहर छोड़ दिया जाए, तो ये बिना किसी बदबू के भी खराब हो सकते हैं. इसलिए पके हुए चावल को जल्दी ठंडा करके फ्रिज में रखें और दोबारा खाने से पहले अच्छी तरह गरम करें. अगर गलती से चावल रातभर बाहर रह गया है तो उसे खाने से बचें.
3. पका हुआ पास्ता: पास्ता भी चावल की तरह ही जल्दी खराब हो सकता है, खासकर जब उसमें सॉस मिला हो. इसमें मौजूद स्टार्च और नमी बैक्टीरिया के पनपने के लिए मददगार है. क्रीमी पास्ता या मीट वाले पास्ता और भी जल्दी खराब हो जाते हैं. इसलिए पिकनिक या पार्टी के दौरान पास्ता को ज्यादा देर बाहर न रखें और बचा हुआ पास्ता तुरंत फ्रिज में स्टोर करें.
4. हरी पत्तेदार सब्जियां: हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, लेट्यूस या धनिया बहुत जल्दी खराब हो जाती हैं. इनमें नमी बहुत ज्यादा होती है, जिसकी वजह से ये जल्दी मुरझा जाती हैं और चिपचिपी हो जाती हैं. इनकी नीचे की पत्तियां सड़ने लगती हैं. इन्हें लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए धोने के बाद अच्छी तरह सुखाना जरूरी है.
5. अंडे: अंडों को आमतौर पर लंबे समय तक खाने लायक माना जाता है, लेकिन ये पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि उन्हें कैसे स्टोर किया गया है. उबले हुए अंडे, एग सलाद या अंडे से बनी और कोई भी डिश गर्मी में जल्दी खराब हो सकते हैं, खासकर अगर उन्हें बाहर रखा जाए. अंडे बदबू और बैक्टीरिया को भी जल्दी सोख लेते हैं. इसलिए केवल एक्सपायरी डेट पर भरोसा न करें, बल्कि इस्तेमाल से पहले उनकी स्मेल और टेक्शचर जरूर चेक कर लें.
6. प्रोसेस्ड मीट / डेली मीट: हैम या चिकन स्लाइस जैसे प्रोसेस्ड मीट पैक्ड होने के बावजूद भी खाने के लिए ज्यादा समय तक सरुक्षित नहीं होते हैं. अगर आपने पैकेट खोल लिया है तो ये और जल्दी खराब हो जाते हैं. हवा, नमी और बार-बार इस्तेमाल से इनमें बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं. ये कुछ दिनों तक ठीक दिख सकते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर खराब हो चुके होते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क