How To Reuse Old Towel Hacks: घर में तौलिया रोजाना इस्तेमाल किया जाता है. रोज इस्तेमाल होने की वजह से समय के साथ ये तौलिया पतला, खुरदुरी और पुराना होने लगता है. कई बार ये इतना घिस जाता है कि इससे शरीर पोंछने का मन नहीं करता. ऐसे में ज्यादातर लोग इसे बेकार समझकर फेंक देते हैं या फिर किसी कोने में रखकर भूल जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस तौलिया को आप बेकार समझ रहे हैं, वो घर के कई कामों को आसान बना सकता है?
अगर आपके घर में भी पुराना तौलिया रखा हुआ है, तो उसे फेंकने से पहले एक बार जरूर सोचें. इसकी मदद से आप फर्श साफ करने के लिए पोछा बना सकते हैं, रसोई में इस्तेमाल होने वाले छोटे तौलिए तैयार कर सकते हैं और घर की सफाई के लिए कपड़े भी बना सकते हैं. अच्छी बात ये है कि इसके लिए आपको बाजार से कोई नई चीज खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आइए जानते हैं पुराने तौलिए को दोबारा इस्तेमाल करने के 3 आसान तरीके.
1. पुराने तौलिए से बनाएं फर्श साफ करने वाला पोछा: पुराने तौलिए को फेंकने के बजाय फर्श साफ करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए तौलिए को अच्छी तरह धोकर सुखा लें और पोछे की शेप में काट लें. अब इसे क्लिप या स्ट्रैप वाले मॉप में लगाकर इस्तेमाल करें. इससे पुराना तौलिया काम आ जाएगा और नया पोछा खरीदने का खर्च भी बचेगा.
2. किचन के लिए बनाएं छोटे-छोटे तौलिए: किचन में बर्तन पोंछने और प्लेटफॉर्म पर गिरा पानी साफ करने के लिए पुरानी तौलिया काम आ सकता है. इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रखें कि कपड़ा साफ हो और उसे नियमित रूप से धोते रहें. ज्यादा गंदी या बदबूदार तौलिया का इस्तेमाल किचन में न करें.
3. घर की सफाई के लिए बनाएं कपड़े: पुराने तौलिए को छोटे चौकोर टुकड़ों में काटकर खिड़कियों, टेबल, अलमारी और दरवाजों की सफाई के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इसका कपड़ा पानी सोखने में मदद करता है, इसलिए गीली सफाई में भी काम आ सकता है. किचन, बाथरूम और दूसरे कमरों के लिए अलग-अलग कपड़े रखें.
पुरानी तौलिया इस्तेमाल करने से पहले रखें ध्यान
तौलिया को दोबारा इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अगर उसमें फफूंद लगी है या बहुत ज्यादा बदबू आ रही है, तो उसे इस्तेमाल न करें. किचन और बाथरूम के कपड़ों को अलग रखें और नियमित रूप से धोते रहें. इससे पुराने तौलिए का बेहतर इस्तेमाल होगा और छोटी-छोटी जरूरतों पर पैसे भी बचेंगे.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क