डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर समेत 13 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की. लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने डी.के. शिवकुमार और अन्य नेताओं ओ पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस मौके पर मौजूद रहे. डी.के. शिवकुमार ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर अपने पूज्य संत 'गंगाधर अज्जा' के नाम पर शपथ ली. जी. परमेश्वर, जिन्हें उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना है, उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर शपथ ग्रहण की.
शिवकुमार और परमेश्वर के अलावा के.एच. मुनियप्पा, के.जे. जॉर्ज, एम.बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरेगौड़ा, प्रियांक खड़गे, यू.टी. खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्धारमैया, बायराठी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल ने मंत्री पद की शपथ ली. यू.टी. खादर और यतींद्र सिद्धारमैया को छोड़कर बाकी सभी नेता पिछली सिद्धारमैया सरकार में मंत्री रह चुके हैं.
यह भी पढ़ें: 8 बार विधायक, 4 बार मंत्री... अब संभालेंगे कर्नाटक की कमान, जानिए डीके शिवकुमार की पूरी कहानी
खादर कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष थे, जबकि विधान परिषद सदस्य यतींद्र सिद्धारमैया पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र हैं. डी.के. शिवकुमार (64 वर्षीय) को 30 मई को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था. इससे पहले 28 मई को सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था. शिवकुमार पिछली सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं.
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, कई वरिष्ठ नेता, गणमान्य अतिथि और विभिन्न धार्मिक समुदायों के प्रमुख शामिल हुए. डी.के. शिवकुमार के पैतृक गांव कनकपुरा के दोड्डालहल्ली स्थित सरकारी स्कूल के छात्रों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था. इसके अलावा मजदूरों, सफाई कर्मियों, किसान संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों और कन्नड़ समर्थक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डी.के. शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, 'डी.के. शिवकुमार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई. उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं. केंद्र सरकार राज्य की जनता के कल्याण के लिए कर्नाटक सरकार के साथ मिलकर काम करेगी.'
सगाय राज / नागार्जुन