दुबई अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और ऊंची-ऊंची इमारतों के लिए दुनियाभर में मशहूर है, लेकिन यहां की भीषण गर्मी भी किसी चुनौती से कम नहीं है. गर्मियों में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के कई हिस्सों में तापमान 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है. इसके साथ ही नमी बढ़ने पर गर्मी का असर शरीर पर और ज्यादा महसूस होता है.
ऐसे में अक्सर लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर दुबई में बिना एयर कंडीशनर (AC) के कितनी देर रहा जा सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि इसका कोई एक तय जवाब नहीं है. यह व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य, शरीर में पानी की मात्रा, धूप की तीव्रता और नमी जैसे कई कारकों पर निर्भर करता है.
Medcare Medical Centre के जनरल प्रैक्टिशनर डॉ. याजन कौजान (Dr. Yazan Koujan) के मुताबिक, UAE की गर्मी में शरीर पर असर बहुत तेजी से पड़ सकता है. उन्होंने बताया कि ज्यादा गर्मी और नमी के कारण पसीना आने के बावजूद शरीर ठीक तरह से ठंडा नहीं हो पाता. ऐसे में हीट एग्जॉशन (Heat Exhaustion) और बाद में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है. इसके शुरुआती लक्षणों में चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना, सिरदर्द, मतली, कमजोरी और मांसपेशियों में ऐंठन शामिल हैं. अगर आराम, पानी और ठंडक मिलने के बाद भी हालत में सुधार न हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: बुर्ज खलीफा की 163वीं मंजिल तक पानी कैसे पहुंचता है? जवाब कमाल का है
ये सलाह जरूर मान लें
वहीं, Burjeel Medical Centre – Silicon Central Mall, Dubai की फैमिली मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. मारीसा फर्नांडो (Dr. Mariesa Fernando) ने द नेशनल से कहा कि गर्मियों में अपनी दिनचर्या बदलना सबसे सुरक्षित तरीका है. उन्होंने सलाह दी कि व्यायाम या बाहर का काम सुबह जल्दी या सूर्यास्त के बाद करें. दोपहर के समय धूप से बचें, नियमित रूप से पानी पीते रहें और बाहर निकलते समय टोपी, धूप का चश्मा व सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें.
यह भी पढ़ें: इतना ऊंचा है बुर्ज खलीफा... कि ऊपर के फ्लोर में तो बदल जाता है सूरज ढलने का टाइम!
हर तरफ एसी
विशेषज्ञों का कहना है कि दुबई में मॉल, मेट्रो स्टेशन, ऑफिस और ज्यादातर सार्वजनिक स्थानों पर एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था इसी वजह से की जाती है, ताकि लोग भीषण गर्मी से सुरक्षित रह सकें. अगर किसी व्यक्ति को तेज गर्मी में भ्रम, बेहोशी, उल्टी या शरीर का तापमान असामान्य रूप से बढ़ने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इसे हीट स्ट्रोक की स्थिति मानते हुए तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए.
यानी, दुबई में बिना AC के कितनी देर रहा जा सकता है, इसका कोई निश्चित समय नहीं है. लेकिन डॉक्टर इस बात पर एकमत हैं कि भीषण गर्मी को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है. सही हाइड्रेशन, धूप से बचाव और जरूरत पड़ने पर तुरंत ठंडी जगह पर पहुंचना ही सबसे बड़ा बचाव है.
aajtak.in