उत्तराखंड: कोटद्वार वाले 'मोहम्मद दीपक' का Gym जॉइन करेंगे राहुल गांधी, बवाल के बाद कितने बचे क्लाइंट?

कोटद्वार विवाद के बाद चर्चा में आए जिम ट्रेनर मोहम्मद दीपक से राहुल गांधी ने मुलाकात की और उन्हें न डरने की सलाह दी. दीपक ने बताया कि घटना के बाद उनके जिम की सदस्य संख्या 150 से घटकर 12-15 रह गई है. विवाद दुकान का नाम बदलने को लेकर शुरू हुआ था. पुलिस ने दोनों पक्षों पर FIR दर्ज की है और जांच जारी है. दीपक ने कहा कि वह किसी पार्टी नहीं, बल्कि एक विचारधारा का समर्थन करते हैं.

Advertisement
'मोहम्मद दीपक' ने राहुल गांधी से मुलाकात की. Photo ITG 'मोहम्मद दीपक' ने राहुल गांधी से मुलाकात की. Photo ITG

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:05 PM IST

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को जिम ट्रेनर मोहम्मद दीपक से मुलाकात की. दीपक पिछले महीने उत्तराखंड के कोटद्वार में एक दुकानदार का बचाव करने के बाद चर्चा में आए थे. मुलाकात के बाद दीपक ने बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया और उनके परिवार से भी बात की. दीपक के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है साथ ही भरोसा दिलाया कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया. दीपक के अनुसार, गांधी ने कहा कि वह कोटद्वार आएंगे और उनके जिम की सदस्यता भी लेंगे.

Advertisement

क्या बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने एकता का संदेश देते हुए कहा, 'हर व्यक्ति बराबर है. यही हिंदुस्तानियत है, यही मोहब्बत की दुकान है.' उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा एकता और साहस का भाव देश के हर युवा में होना चाहिए.

घटना के बाद जिम पर पड़ा असर
दीपक कुमार ने बताया कि पिछले महीने की घटना के बाद उनकी रोजी-रोटी पर बुरा असर पड़ा है. आज तक से बातचीत में उन्होंने कहा कि किराये के कैंपस में चल रहा उनका जिम अचानक ग्राहकों की कमी से जूझ रहा है. पहले जहां रोज सुबह से शाम तक करीब 150 सदस्य ट्रेनिंग लेते थे, अब यह संख्या घटकर केवल 12 से 15 रह गई है.

26 जनवरी से शुरू हुआ विवाद
यह विवाद 26 जनवरी को शुरू हुआ, जब कोटद्वार में अहमद्स बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर के मालिक से कुछ लोगों ने कथित तौर पर दुकान का नाम बदलने को कहा. दुकानदार के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया.

Advertisement

पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज की FIR
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों से शिकायतें मिलीं और FIR दर्ज की गई. पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि 31 जनवरी को कुछ बाहरी लोग दीपक कुमार के स्थान पर पहुंचे और सड़क जाम कर दी. उन्होंने कहा कि पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया है. पंवार ने लोगों से शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी.

दीपक ने बताई अपनी बात
दीपक के अनुसार, वह और उनके दोस्त गणतंत्र दिवस मना रहे थे, तभी वे एक मित्र की दुकान पर पहुंचे. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लड़के दुकान के नाम को लेकर दुकानदार से बदसलूकी कर रहे थे. जब उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की तो लड़कों ने कहा कि उनके धर्म में 'बाबा' शब्द सिर्फ सिद्धबली बाबा के लिए इस्तेमाल होता है और दुकान का नाम बदलने की मांग की.

दीपक ने बताया कि दुकानदार के इनकार करने पर मामला सांप्रदायिक रूप ले गया. उनका दावा है कि लड़के बजरंग दल से जुड़े थे और दुकानदार मुस्लिम था. उन्होंने कहा, 'मेरा नाम मोहम्मद दीपक है, इससे आपको क्या दिक्कत है?' साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि जब विवाद दूसरी तरफ से शुरू हुआ तो उनके खिलाफ केस क्यों दर्ज किया गया.

Advertisement

किसी पार्टी नहीं, विचारधारा का समर्थन
दीपक ने कहा कि वह किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करते, बल्कि एक विचारधारा के साथ खड़े हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जिम के हर सदस्य के लिए हनुमान एक आदर्श हैं, क्योंकि वे कड़ी मेहनत की प्रेरणा देते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement