पाकिस्तान में पिछले साल आम चुनाव के दौरान सेना के जिस अफसर पर नवाज शरीफ ने चुनाव में धांधली कराने का आरोप लगाया था, उसे प्रधानमंत्री इमरान खान ने अब पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का नया प्रमुख बनाया है. इस अफसर का नाम है जनरल फैज हमीद. पाकिस्तानी सेना में हुए फेरबदल में मौजूदा आईएसआई चीफ और लेफ्टिनेंट जनरल असीम मुनीर की जगह फैज हमीद को तैनात किया गया है.
आईएसआई चीफ पद से हटने वाले जनरल मुनीर को अपने पूर्ववर्ती लेफ्टिनेंट जनरल नावेद मुख्तार की सेवानिवृत्ति के बाद पिछले साल अक्टूबर में नियुक्त किया गया था. अन्य फेरबदल में लेफ्टिनेंट जनरल आमिर अब्बासी को क्वार्टर मास्टर जनरल (QMG) पाकिस्तान सेना और लेफ्टिनेंट जनरल मोअज्जम एजाज को चीफ इंजीनियर के रूप में तैनाती दी गई है. लेफ्टिनेंट जनरल साहिर शमशाद मिर्जा को एडजुटेंट जनरल पाकिस्तान सेना के ओहदे पर तैनात किया गया.
फैज हमीद को लेकर क्या बोले थे शरीफ
जुलाई 2018 में पाकिस्तान में चुनाव के दौरान नवाज शरीफ ने जनरल फैज हमीद पर चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया था. लंदन में मीडिया को संबोधित करते हुए नवाज शरीफ ने कहा था कि सेना के अफसर फैज हमीद की ओर से इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (PTI) के पक्ष में धांधली कराई जा रही है. नवाज शरीफ ने फैज हमीद पर अपनी पार्टी के नेताओं और उम्मीदवारों पर दबाव डालकर इमरान खान के लिए काम करने का आरोप लगाया था. जिसके बाद पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता आसिफ गफूर ने सफाई पेश की थी.
इस पर नवाज शरीफ ने कहा था कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सैन्य मामलों की बजाए राजनीतिक मामलों पर सेना को सफाई देनी पड़ रही है. ऐसी स्थित नहीं आनी चाहिए. बता दें कि 22 अप्रैल को पाकिस्तान आर्मी ने तत्कालीन मेजर जनरल हमीद को लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर पदोन्नत किया था. इससे पहले ISI की आतंकवाद निरोधी शाखा में काम कर चुके हैं.
aajtak.in