ग्रेटर नोएडा में महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे खाने से 40 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई. सभी को इलाज के लिए पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि कुट्टू का आटा खाने के कुछ देर बाद ही शरीर में बेचैनी शुरू हो गई थी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुपरटेक इको विलेज 3 और हिमालय प्राइड सोसायटियों के निवासियों ने व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बने पकवान खाए थे, जिसके बाद उन्हें लगातार उल्टी और बुखार होने लगा. पीड़ितों की बिगड़ती हालत को देखते हुए सोमवार को उन्हें पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
बीमार हुए सभी लोगों को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं. शुरुआती जांच में इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है. बिसरख थाना क्षेत्र की पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रभावित सोसायटियों और अस्पतालों का जायजा ले रही हैं, ताकि मिलावटी आटे के स्रोत का पता लगाया जा सके.
aajtak.in