गोलियों में ऐसा क्या था? दवा खाने के बाद युवक की मौत पर हंगामा, मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़

लुधियाना में 27 साल के साहिल ठाकुर की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया. गुस्साए लोगों ने मेडिकल स्टोर में जमकर तोड़फोड़ की. पिता का आरोप है कि गोलियां खाने के महज आधे घंटे बाद बेटे की मौत हो गई. आखिर साहिल की मौत कैसे हुई और दवा में क्या था? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही दे पाएगी.

Advertisement
गोलियां खाने के आधे घंटे बाद 27 साल के युवक की मौत (Photo: ITGD) गोलियां खाने के आधे घंटे बाद 27 साल के युवक की मौत (Photo: ITGD)

विवेक ढल्ल

  • लुधियाना, पंजाब,
  • 15 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:38 PM IST

पंजाब के लुधियाना में 27 साल के युवक साहिल ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हंगामा हो गया. युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने पुरानी सब्जी मंडी स्थित मनजीत मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ की. लोगों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर से गोलियां लेने के बाद युवक की मौत हुई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement

मेडिकल स्टोर पर भीड़ ने की तोड़फोड़

जानकारी के मुताबिक, लुधियाना के पुरानी सब्जी मंडी इलाके में दोपहर के समय उस वक्त तनाव फैल गया, जब बड़ी संख्या में लोग मनजीत मेडिकल स्टोर पर पहुंच गए. गुस्साए लोगों ने दुकान के शीशे तोड़ दिए और अंदर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया. लोगों का आरोप था कि इसी मेडिकल स्टोर से दवा की गोलियां लेने के बाद 27 साल के साहिल ठाकुर की मौत हुई है. साहिल इसी इलाके का रहने वाला था. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया.

पिता का आरोप- गोलियां खाने के आधे घंटे बाद मौत

मृतक साहिल के पिता ने आरोप लगाया कि उनका बेटा पहले मेडिकल स्टोर से गोलियां लेकर नशा करता था. बाद में वह चिट्टा लेने लगा. पिता के मुताबिक, घटना वाले दिन उन्हें जानकारी मिली कि साहिल अपने भाई की फैक्ट्री से पेंट लेकर आया था और इसके बदले मेडिकल स्टोर से उसे गोलियां दी गई थीं. पिता का दावा है कि गोलियां खाने के करीब आधे घंटे बाद उनके बेटे की मौत हो गई.

Advertisement

हालांकि, युवक की मौत की असली वजह क्या है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा. फिलहाल पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

विधायक ने कार्रवाई का दिया भरोसा

घटना की जानकारी मिलने पर इलाके के विधायक चौधरी मदनलाल बग्गा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि वह परिवार को लंबे समय से जानते हैं. परिवार की ओर से जो भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. विधायक के मुताबिक, मेडिकल स्टोर के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

मौके पर पहुंचे डीसीपी आलम विजय सिंह ने बताया कि पुलिस को युवक की मौत की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल पुलिस मौत के कारणों और मेडिकल स्टोर से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम और जांच से जुड़े निष्कर्षों के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »