26 फरवरी को नोटिफिकेशन, 16 मार्च को वोटिंग... राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम का हुआ ऐलान

निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान कर दिया है. इन सीटों पर 16 मार्च को मतदान होगा. अप्रैल में सांसदों का कार्यकाल खत्म होने की वजह से यह प्रक्रिया शुरू की गई है. अधिसूचना 26 फरवरी को जारी होगी और नामांकन 5 मार्च तक भरे जा सकेंगे.

Advertisement
16 मार्च को होगा राज्यसभा चुनाव (Representative Image/File) 16 मार्च को होगा राज्यसभा चुनाव (Representative Image/File)

संजय शर्मा / शशि भूषण कुमार

  • नई दिल्ली,
  • 18 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:27 PM IST

चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 37 खाली राज्यसभा सीटों को भरने के लिए चुनाव का ऐलान कर दिया है. 16 मार्च को मतदान होगा. चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना 26 फरवरी को जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी. उम्मीदवार 5 मार्च तक अपना पर्चा दाखिल कर सकेंगे. 

मतदान सुबह नौ से शाम चार बजे तक चलेगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी. 

Advertisement

देर रात तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे. यह चुनाव अप्रैल की शुरुआत में खाली हो रही सीटों के लिए आयोजित किया जा रहा है.

किन राज्यों में कितनी सीटें खाली?

राज्यसभा की इन 37 सीटों में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र से सात सीटें खाली हो रही हैं. इसके अलावा तमिलनाडु, बिहार और पश्चिम बंगाल से पांच-पांच सीटें रिक्त होंगी. ओडिशा से चार और असम से तीन सीटों पर चुनाव होंगे. हरियाणा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से दो-दो सीटों, जबकि हिमाचल प्रदेश से एक सीट पर मतदान होगा. 

इन सीटों का प्रतिनिधित्व कर रहे सांसदों का कार्यकाल 2 अप्रैल से 9 अप्रैल के बीच पूरा हो रहा है. उनके रिटायरमेंट के बाद नए सांसद शपथ लेंगे.

यह भी पढ़ें: मुंडवा जमीन घोटाला में पार्थ पवार को मिल सकती है 'क्लीन चिट', राज्यसभा चुनाव से पहले आ सकती है रिपोर्ट

Advertisement

बिहार के इन दिग्गजों का कार्यकाल खत्म

बिहार की 5 राज्यसभा सीटें भी अप्रैल में खाली हो रही हैं. रिटायर होने वाले प्रमुख चेहरों में राज्यसभा के उपसभापति और जेडीयू सांसद हरिवंश नारायण सिंह शामिल हैं. इसके साथ ही, मोदी कैबिनेट के मंत्री रामनाथ ठाकुर का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है. आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, आरजेडी से अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता भी इसी लिस्ट में हैं. बिहार की इन महत्वपूर्ण सीटों पर नए चेहरों के आने या पुराने सांसदों की वापसी पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: ओवैसी बने किंगमेकर... बिहार में बिना AIMIM न एनडीए की दाल गलेगी न इंडिया ब्लॉक की

देश के बड़े चेहरे जो होंगे रिटायर

महाराष्ट्र से शरद पवार, प्रियंका चतुर्वेदी और रामदास आठवले जैसे बड़े नेता रिटायर हो रहे हैं. तमिलनाडु से एम तंबीदुरै, तिरुचि शिवा और कनिमोझी का कार्यकाल खत्म हो रहा है. पश्चिम बंगाल से साकेत गोखले और ऋतब्रत बनर्जी जबकि असम से रामेश्वर तेली विदा होंगे. छत्तीसगढ़ से केटीएस तुलसी, हरियाणा से रामचंद्र जांगड़ा और किरण चौधरी का नाम भी शामिल है. तेलंगाना से कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी भी रिटायर हो रहे हैं. इन सभी के स्थान पर अब नए सांसदों का चुनाव होगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement